ईडी ने गमाडा ऑफिस के 3 फ्लोर सील किए, अफसरों के मोबाइल जब्त कर पूछताछ; चंडीगढ़-पंचकूला, लुधियाना में भी तलाशी
Sep22,2026
| Enews Team | Chandigarh
मोहाली। मोहाली में ग्रेटर मोहाली एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी (गमाडा) के ऑफिस में मंगलवार को ईडी ने रेड की है। रेड टीम ने वहां पहुंचते ही ऑफिस के तीनों फ्लोर सील कर दिए। इन फ्लोर में गमाडा के सभी सीनियर अफसरों के ऑफिस हैं। इसके बाद ईडी की टीम ने सभी सीनियर अफसरों के मोबाइल जब्त कर लिए हैं। सूत्रों के मुताबिक इसके बाद गमाडा के एस्टेट ऑफिसर, एडिशनल चीफ एडमिनिस्ट्रेटर और चीफ एग्जीक्यूटिव इंजीनियर समेत सीनियर अफसरों को हाउसिंग विभाग के सेक्रेटरी के कमरे में बुलाया गया। जहां ईडी की टीमों ने उनसे पूछताछ की। ईडी की टीमें 3 गाड़ियों में यहां पहुंची हैं। जालंधर, चंडीगढ़ और दिल्ली की टीमें कार्रवाई में शामिल हैं। ईडी सूत्रों के मुताबिक जांच एजेंसी कई कथित अनियमितताओं की जांच कर रही है। इनमें भूमि अधिग्रहण, चेंज ऑफ लैंड यूज (CLU) की मंजूरी, निजी रियलटर्स को लाभ पहुंचाना और संपत्तियों की नीलामी से जुड़े मामले शामिल हैं। यह मामला 100 करोड़ रुपए की गड़बड़ी से जुड़ा हुआ है।
26 ठिकानों पर कार्रवाई चल रही
ईडी की ओर से जारी की गई सूचना के मुताबिक, तिरुपति इंफ्राप्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड से जुड़े मामले में मोहाली, चंडीगढ़, पंचकूला, लुधियाना और दिल्ली में कुल 26 ठिकानों पर तलाशी और सर्वे की कार्रवाई की जा रही है। इसी के तहत गमाडा और पंजाब सरकार के हाउसिंग एवं अर्बन डेवलपमेंट विभाग के दफ्तरों में भी PMLA की धारा 16 के तहत सर्वे किया जा रहा है। इस कार्रवाई का उद्देश्य आरोपी कंपनियों और गमाडा के बीच हुए लेन-देन और अन्य मामलों से जुड़े सबूत जुटाना है।
2 साइटों के खरीदने के मामला
ईडी की जांच के अनुसार, तिरुपति इंफ्राप्रोजेक्ट्स के प्रमोटर रेमिगेट बिल्डइस्टेट्स (इंडिया) प्राइवेट लिमिटेड और एमबी इंफ्राबिल्ड प्राइवेट लिमिटेड को भी नियंत्रित करते हैं। इन दोनों कंपनियों ने गमाडा से मोहाली में नीलामी के जरिए 2 प्रमुख साइटें खरीदी थीं। बाद में इन कंपनियों को गमाडा को देय बकाया राशि में बड़ा फायदा मिलने की बात जांच में सामने आई है।
बिचौलिए की भूमिका निभा रही कंपनी
एजेंसी के मुताबिक, कंपनियों को हुए संदिग्ध अनुचित लाभ और सरकारी खजाने को हुए नुकसान की रकम 100 करोड़ रुपए से अधिक है। एजेंसी ने गमाडा के लिए विभिन्न कंसल्टेंसी कार्य करने वाली टीला कंसल्टेंट्स एंड कॉन्ट्रैक्टर्स प्राइवेट लिमिटेड के ठिकाने पर भी तलाशी ली है। ईडी को संदेह है कि यह कंपनी कथित मामले में बिचौलिए की भूमिका निभा रही थी।
Ed-Seals-Three-Floors-Of-The-Gmada-Office-Seizes-Officers-Mobile-Phones-And-Questions-Them-Searches-Also-Conducted-In-Chandigarh-Panchkula-And-Ludhiana