फिल्डगंज में पार्किंग को लेकर कार सवारों ने दुकानदार को पीटा, बालों से पकड़कर बाहर निकाला, गर्भवती पत्नी पर भी हमला
Sep14,2026
| Enews Team | Ludhiana
लुधियाना। लुधियाना फील्डगंज स्थित कलगीधर गुरुद्वारा रोड पर एक दुकानदार के साथ ग्राहक की एक्टिवा पार्किंग को लेकर कार सवारों का विवाद हो गया। जिसके बाद कार सवारों ने दुकानदार की बुरी तरह पिटाई की। उसकी 4 महीने की गर्भवती पत्नी से भी धक्का-मुक्की की। हमलावरों ने पति को सिर पर कड़े और भारी बर्तनों से मारा। आसपास के लोगों ने बीच बचाव किया। इस हमले में दुकानदार सोनू गंभीर रूप से घायल हो गए और उनके माथे पर 4 टांके आए है। थाना डिवीजन नंबर दो की पुलिस मामले की जांच कर रही है। सोनू कुमार ने बताया कि फील्डगंज स्थित कलगीधर गुरुद्वारा रोड पर श्री शिव एंटरप्राइजेज नाम से उनकी बर्तनों की दुकान है। रविवार शाम करीब सवा 6 बजे दुकान पर एक महिला ग्राहक बर्तन खरीदने आई। उसने एक्टिवा सड़क पर थोड़ी आगे खड़ी कर दी थी। इसी बीच वहां से गुजर रहे एक कार सवार को एक्टिवा से निकलने में थोड़ी परेशानी हुई, जिस पर वह आग-बबूला हो गया। ड्राइवर ने गाड़ी से उतरकर गालियां देना शुरू कर दिया। दुकानदार सोनू कुमार ने स्थिति को संभालते हुए बीच-बचाव किया और कार सवार से कहा कि आगे से ध्यान रखेंगे। आप शांत हो जाएं। बात यहीं खत्म नहीं हुई। अचानक सामने वाली दुकान के कुछ लोग इस विवाद में कूद पड़े। बिना किसी वजह के उन्होंने सोनू कुमार के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। देखते ही देखते नौबत मारपीट तक पहुंच गई। हमलावरों ने सोनू की पत्नी जो 4 महीने की गर्भवती हैं के साथ भी धक्का-मुक्की और हाथापाई की। वह अपने पति को बचाने आई थीं। इसके बाद हमलावरों ने सोनू के सिर पर कड़े और दुकान के भारी बर्तनों से हमला कर दिया।
In-Fieldganj-Car-Occupants-Beat-Up-A-Shopkeeper-Over-A-Parking-Dispute-Dragged-Him-Out-By-His-Hair-And-Also-Attacked-His-Pregnant-Wife