लुधियाना में डाइंग कारोबारियों ने किया रोड जाम, बिजली संकट को लेकर विरोध
Sep14,2026
| Enews Team | Ludhiana
लुधियाना। पंजाब में बिजली संकट को लेकर गुस्सा बढ़ गया है। लुधियाना में डाइंग उद्योगपतियों ने लुधियाना-चंडीगढ़ रोड जाम कर प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि 14-14 घंटे के कट लग रहे हैं। लेबर काम छोड़कर भागने लगी है। हमें तो पंजाब में ब्लैकआउट का डर लग रहा है। वहीं कांग्रेस ने भी पटियाला में पीएसपीसीएल के हेडक्वार्टर के बाहर प्रदर्शन किया। उन्होंने बैरकेडिंग तोड़ने की कोशिश की तो पुलिस ने कांग्रेस नेताओं और वर्करों पर पानी की बौछारें छोड़ीं। बिजली के हालात बिगड़ने के बीच पंजाब सरकार ने पंजाब स्टेट पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (पीएसपीसीएल) के चेयरमैन कम मैनेजिंग डायरेक्टर बंसत गर्ग को हटा दिया। उनकी जगह सीनियर आईएएस अधिकारी गुरकीरत किरपाल सिंह को सीएमडी नियुक्त किया है। वह 2001 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। इससे पहले लुधियाना में बिजली मंत्री तरुणप्रीत सिंह सौंद ने दावा किया कि पंजाब में अब बिजली के लंबे कट नहीं लगेंगे, कल यानी 15 सितंबर से कट लगने बंद हो जाएंगे। प्राइवेट बिजली प्लांट भी सरकार ने ठीक करवाए हैं। इसके लिए करीब 200 सरकारी मुलाजिम लगाए। मंत्री ने कहा- किसानों को पहले की तुलना में ज्यादा बिजली दी जा रही है। अब 8 घंटे की बजाय किसानों को 10 घंटे बिजली मिल रही है। इस साल पिछले साल की तुलना में बिजली की डिमांड 3,500 मेगावाट ज्यादा है। वहीं उद्योगपतियों ने दावा किया कि धरने को फेल करने के लिए मंत्री ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की।
14-14 घंटे के कट, लेबर भाग रही
पंजाब डायर एसोसिएशन के डायरेक्टर कमल चौहान ने कहा कि इंडस्ट्री पर 14-14 घंटे कट लग रहे हैं। इससे लेबर भागने लगी है। हमें ब्लैकआउट होने के चांस लग रहे हैं। हमारे बिजली के रेट भी बढ़ा दिए। 8 रुपये 9.50 रुपए यूनिट हो गए। जिस फैक्ट्री का बिल 15 लाख रुपए था उसका बिल 18 लाख रुपए हो गया है। मंत्री ने इंडस्ट्री के धरने को खराब करने के लिए प्रेस कॉन्फ्रेंस की।
अकाली सरकार के वक्त बिजली मिलती थी
पंजाब डायर एसोसिएशन के डायरेक्टर अशोक मक्कड़ का कहना है कि बिजली कट के कारण इंडस्ट्री पर बोझ पड़ रहा है। सरकार से डिमांड है कि हमें पूरी बिजली चाहिए। अकाली दल के समय बिजली मिलती थी। अगर खपत बढ़ गई तो सरकार नए प्लांट लगाती।
Dyeing-Unit-Owners-In-Ludhiana-Block-Road-Protest-Over-Power-Crisis