चंडीगढ़। मोहाली से आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायक कुलवंत सिंह के घर व दफ्तरों में मंगलवार सुबह-सुबह प्रवर्तन निदेशालय (ED) की रेड हुई है। ED की टीमें मोहाली के अलावा पंजाब व राजस्थान के 12 लोकेशनों पर एक साथ की गई है। इस रेड के तार नवंबर 2022 में 20 किलो हेरोइन के साथ पकड़े गए अक्षय छाबड़ा से जुड़ रहे हैं। अभी तक अधिकारियों की तरफ से पुष्टि नहीं की गई है कि किस मामले में यह रेड की गई है। हालांकि एक न्यूज एजेंसी के मुताबिक यह रेड ड्रग्स से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में हुई है। ED की यह कार्रवाई पंजाब पुलिस की तरफ से दर्ज नारकोटिक्स और ड्रग्स से जुड़े किसी केस के बाद मनी लॉन्ड्रिंग को लेकर हुई है। दरअसल, नवंबर 2022 में अक्षय छाबड़ा को 20 किलो हेरोइन के साथ पकड़ा गया था। ED को कुछ सबूत मिले हैं, जिससे उन्हें शक है कि नशा तस्करी में प्रयोग हवाला राशि का पैसा पंजाब में शराब के ठेकों में प्रयोग हुआ। वहीं पूर्व अकाली मंत्री बिक्रम मजीठिया ने दावा किया कि यह रेड दिल्ली की शराब पॉलिसी के मामले में यह रेड की जा रही है। जिसके लिंक पंजाब से जुड़े हुए हैं। खास बात यह है कि कुलवंत के जिन पार्टनरों पर अमृतसर में रेड हुई है, वह शराब के कारोबार से जुड़े हुए हैं। कुलवंत सिंह पंजाब के सबसे अमीर विधायक हैं, जिन्होंने चुनावी एफिडेविट में 250 करोड़ की संपत्ति बताई थी।
अमृतसर में पार्टनरशिप वाली फर्म पर पहुंची ED
मोहाली में जहां विधायक कुलवंत सिंह के घर व दफ्तर में दस्तावेज खंगाले जा रहे हैं। वहीं अमृतसर में विधायक की रणजीत एवेन्यू में पार्टनरशिप वाली फर्म में भी ईडी की टीमें पहुंची हैं। सूचना है कि पूरे पंजाब में मोहाली, अमृतसर, जालंधर, लुधियाना के साथ-साथ राजस्थान के श्री गंगानगर में भी सर्च चल रही है। इस दौरान मोहाली का बड़ा सीए भी ED की रडार पर है। कुलवंत सिंह पंजाब के बड़े रियल एस्टेट कारोबारियों में से भी एक हैं।
पूर्व अकाली मंत्री बोले- पंजाब में भी 550 करोड़ का घोटाला
पूर्व अकाली मंत्री बिक्रम मजीठिया ने ट्वीट कर कहा कि कुलवंत सिंह पर दिल्ली और पंजाब के शराब घोटाले को लेकर रेड हुई है। अरविंद केजरीवाल को समन के बाद ED ने शराब घोटाले के पंजाब लिंक को तलाशना शुरू कर दिया है। उन्होंने कहा कि पंजाब एक्साइज पॉलिसी में 550 करोड़ का घोटाला उजागर करने के लिए यह कार्रवाई जरूरी है। जिसमें मुख्य आरोपी पंजाब CM भगवंत मान और एक्साइज मंत्री हरपाल चीमा मुख्य आरोपी हैं। वहीं इसका घोटाले का फायदा आम आदमी पार्टी को हुआ है। पिछले दिनों पंजाब के गवर्नर बनवारी लाल पुरोहित ने विधायक कुलवंत सिंह के JLPL के दो प्रोजेक्टों पर सवाल उठाए थे। उन्होंने इसको लेकर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को एक चिट्ठी लिखकर जवाब मांगा था। उन्होंने आरोप लगाए थे कि उनके खुद के विधायक नियमों का उल्लंघन कर रियल स्टेट का व्यापार कर रहे हैं।
जानें कौन हैं विधायक कुलवंत सिंह
कुलवंत सिंह मोहाली से AAP के विधायक हैं। पेशे से वे एक बिजनेसमैन हैं। उनका जन्म पंजाब के रूपनगर के समाना कलां में रामदासिया सिख परिवार में हुआ था। वह अपना गांव छोड़कर जीरकपुर चले गए थे और वहां तीन साल तक ट्रकों व भारी वाहनों का वजन करते थे। कुलवंत सिंह फिलहाल जनता लैंड प्रमोटर्स लिमिटेड के प्रबंध निदेशक हैं और उनका कारोबार 1500 करोड़ रुपए है। इसके अलावा उनकी पंजाब व हिमाचल प्रदेश में कई प्रॉपर्टीज हैं।
हमारा पहला उदेश्य आप तक सबसे पहले और सही खबर पहुंचाना। हमारे आसपास क्या हो रहा है, इसके बारे में आपकी नॉलेज को दुरुस्त करना। वहीं समाज की बुराईयों व गलत गतिविधियों संबंधी आगाह करना भी हमारे लक्ष्य में हैं।
Yashpal Sharma (Editor)