अमृतसर। बटाला के पूर्व कांग्रेस विधायक अश्विनी सेखड़ी भाजपा में शामिल हो गए हैं। तकरीबन 10 दिन पहले ही अश्विनी सेखड़ी दिल्ली में गृहमंत्री अमित शाह से मिलकर आए थे, जिसके बाद पंजाब कांग्रेस ने उनके इस कदम पर तंज भी कसे थे। आज मंगलवार को भाजपा पंजाब प्रधान सुनील जाखड़ ने उन्हें सम्मानित करके भाजपा में उनका स्वागत किया। वहीं सेखड़ी को भाजपा जॉइन करवाते समय पार्टी के प्रदेश प्रधान सुनील जाखड़ ने भी पंजाब कांग्रेस इकाई को आड़े हाथों लिया। जाखड़ ने कहा कि कांग्रेस अपनी विचारधारा से भटक चुकी है। कांग्रेस ने अपने निजी हितों के लिए AAP के सामने घुटने टेक दिए हैं। वहीं अश्विनी सेखड़ी ने भी कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि अब पंजाब में सिर्फ कुर्सी की लड़ाई रह गई है और पंजाब के लिए कोई नहीं सोचता। पंजाब कांग्रेस की बात करें तो यहां काबिलियत नहीं चलती। यहां सिर्फ पैसा चलता है। कांग्रेस भी घुटने टेक चुकी है। पंजाब से युवाओं के पलायन पर जताई चिंता अश्विनी सेखड़ी ने इस दौरान पंजाब के हालातों पर चिंता जताई। सेखड़ी ने कहा कि पंजाब की एक पीढ़ी आतंकवाद ने खराब कर दी, दूसरी नशे ने और अब तीसरी पीढ़ी विदेश भाग रही है। बीते साल 1.60 लाख युवाओं ने विदेश का रूख कर लिया। यह चिंता की बात है। एक समय में पंजाब नंबर एक राज्य हुआ करता था, अब 15 नंबर पर आ चुका है। उन्होंने इस दौरान गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात का भी जिक्र किया, जिसमें उन्होंने पंजाब के लिए स्पेशल पैकेज की बात कही है। राजा वड़िंग से नाराज हैं सेखड़ी सेखड़ी की बात करें तो वह नवजोत सिंह सिद्धू गुट के माने जाते हैं। सिद्धू के प्रधान बनने, रिजाइन देने के बाद भी वह सिद्धू के करीब ही देखे जाते रहे हैं। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग की तरफ से सिद्धू के करीबियों से किनारा किए जाने का असर सेखड़ी पर भी दिखा। वड़िंग द्वारा उन्हें लगातार नजर-अंदाज किया जा रहा था। यही कारण है कि वह पार्टी छोड़ जा रहे हैं।