मोहाली। मोहाली के सोहाना में सोमवार को चलते कबड्डी मैच के बीच में फायरिंग हो गई। बोलेरो सवार लोगों ने गोलियां चलाईं। इसमें कबड्डी टूर्नामेंट को प्रमोट कर रहे युवक को गोली लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इस मैच में सिंगर मनकीरत औलख भी आने वाले थे। पुलिस मामले की जांच में जुट गई। इलाके में लगे कैमरों की रिकॉर्डिंग देखी जा रही है। जानकारी के मुताबिक, यह मामला सेक्टर-82 के मैदान में सामने आया। यहां कबड्डी का मैच चल रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि उन्हें पहले लगा कि पटाखे चल रहे हैं। करीब 6 राउंड फायरिंग हुई। उसके बाद हमलावर भाग गए। एक व्यक्ति घायल हुआ है, जिसे अस्पताल ले जाया गया। लोगों ने बताया कि दर्शकों के ऊपर से गोलियां चली हैं। लोगों ने बताया कि जब टीमें बाहर आई थीं, तब यह हमला हुआ है। घायल व्यक्ति के सिर और चेहरे पर गोलियां लगी हैं। गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी और वेदवान स्पोर्ट्स क्लब सोहाना की तरफ से यह कबड्डी कप करवाया जा रहा था। यह मैच लाइव चल रहा था। इसलिए, गोलियों की आवाज वहां के कैमरे में कैद हुई है। बताया जा रहा है कि जब यह घटना हुई, उस समय काफी संख्या में दर्शक मैदान में मौजूद थे। इसी दौरान फायरिंग की गई। घायल का नाम राणा बलाचौरिया है। वह इस टूर्नामेंट का प्रमोटर है। मौके पर मोहाली पुलिस की टीमें पहुंचीं और जांच में जुट गईं।
हमारा पहला उदेश्य आप तक सबसे पहले और सही खबर पहुंचाना। हमारे आसपास क्या हो रहा है, इसके बारे में आपकी नॉलेज को दुरुस्त करना। वहीं समाज की बुराईयों व गलत गतिविधियों संबंधी आगाह करना भी हमारे लक्ष्य में हैं।
Yashpal Sharma (Editor)