पंजाब। गणतंत्र दिवस पर इस बार पंजाब की झांकी कर्तव्य पथ पर देखने को मिलेगी। केंद्र सरकार की समिति ने इसके लिए पंजाब की झांकी का चयन कर लिया है। वहीं, पंजाब के 18 पुलिसकर्मियों और अधिकारियों को राष्ट्रपति पदक से सम्मानित किया जाएगा। इस दौरान तीन अधिकारियों विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पदक व 15 को सराहनीय सेवा के लिए पदक दिया जाएगा। इस संबंध में केंद्र सरकार की ओर से सूची जारी कर दी गई है। इसके अलावा, इस बार पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान होशियारपुर में और राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया फाजिल्का में तिरंगा फहराएंगे। सीएम भगवंत मान ने कहा कि जहां हम ‘हिंद दी चादर’ साहिब श्री गुरु तेग बहादुर जी की 350वीं शहादत शताब्दी को पूरे राज्य में श्रद्धा और सम्मान के साथ राज्य-स्तरीय कार्यक्रमों के माध्यम से मना रहे हैं। वहीं गुरु साहिब के जीवन फलसफे और उनकी अद्वितीय शहादत को समर्पित एक झांकी गणतंत्र दिवस की परेड के लिए भी भेजी गई है, जो इस वर्ष 26 जनवरी की परेड की शोभा बनेगी। उन्होंने कहा कि, गुरु तेग बहादुर साहिब जी की शिक्षाएं पूरी दुनिया को मानवाधिकारों, समानता और धार्मिक स्वतंत्रता के साथ-साथ सामाजिक आजादी के प्रति जागरूक करती हैं। इन महान विचारों से युवाओं सहित समाज के हर वर्ग को परिचित करवाना समय की जरूरत है। इसी उद्देश्य को लेकर हमारी सरकार के प्रयास निरंतर जारी हैं। बता दें कि, 2024 में पंजाब की झांकी काे लेकर बड़ा विवाद हुआ था। उस समय झांकी को परेड में शामिल नहीं किया गया था। इसके बाद पंजाब की झांकी को पूरे पंजाब व दिल्ली में प्रदर्शित किया था। पंजाब सरकार ने साथ ही केंद्र सरकार पर हमला बोला था।
Punjabs-Tableau-Will-Be-Seen-On-The-Path-Of-Duty-On-Republic-Day-18-Police-Officers-Soldiers-Will-Receive-The-Presidents-Medal-Cm-Will-Hoist-The-Tricolor-In-Hoshiarpur