डेस्क, लुधियाना
लुधियाना के नार्थ हल्के में सरकारी जमीनों का ब्यौरा हासिल करने को नगर निगम की बिल्डिंग ब्रांच हैबोवाल कलां के बैंक कालोनी इलाके में पहुंची। जहां पर बैंक कालोनी में लाल चंद भाटिया स्कूल के सामने खाली पड़ी सरकारी जमीन का ब्यौरा जुटाया गया। इस सरकारी जमीन का मौका देखने को खुद एमटीपी विजय कुमार पहुंचे थे। इस अवसर पर उनके साथ एटीपी हरविंदर सिंह हन्नी, हैड ड्राफटमैन मोहन सिंह के अलावा कानूनगो, जेई व पुलिस बल भी साथ मौजूद था। मौके पर देखा गया कि इस सरकारी जमीन के साथ लगती कोठियों व मकान मालिकों की ओर से अपना रास्ता इस सरकारी जमीन के बीच में से निकाला हुआ था। कुछ एक का दावा था कि वे अपने मकान के साथ 20 फुट गली का केस माननीय अदालत से जीते हुए हैं। ऐसे लोगों को नगर निगम डी जोन आफिस पहुंच दस्तावेज दिखाने को कहा गया है। इस बारे में एमटीपी विजय कुमार ने बताया कि यहां पर निगम की 1400 गज के आसपास सरकारी जमीन है, जो कि दो हिस्सों में पड़ती है। उन्हाेंने बताया कि इस सरकारी जमीन पर लोगों की सहूलियत के लिए ही कुछ प्लान किया जा रहा है। जल्द जमीन पर कब्जा लेकर इस पर काम शुरु करवाया जाएगा।
हमारा पहला उदेश्य आप तक सबसे पहले और सही खबर पहुंचाना। हमारे आसपास क्या हो रहा है, इसके बारे में आपकी नॉलेज को दुरुस्त करना। वहीं समाज की बुराईयों व गलत गतिविधियों संबंधी आगाह करना भी हमारे लक्ष्य में हैं।
Yashpal Sharma (Editor)