पंजाब। भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा के नजदीक स्थित गांव घोगा से नशा तस्करी का मामला सामने आया है। अमृतसर देहाती पुलिस और सीमा सुरक्षा बल यानी बीएसएफ ने संयुक्त ऑपरेशन के तहत एक घर से पाकिस्तान से आई भारी मात्रा में हेरोइन और हथियार बरामद किए हैं। बरामद की गई हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 125 करोड़ रुपय आंकी जा रही है। जानकारी के मुताबिक, सुरक्षा एजेंसियों को सीमा क्षेत्र में नशा और हथियारों की तस्करी से जुड़ी पुख्ता सूचना मिली थी। इसी आधार पर अमृतसर देहाती पुलिस और बीएसएफ ने गांव घोगा में एक संदिग्ध घर पर संयुक्त रूप से छापेमारी की। तलाशी के दौरान घर के अंदर से कुल 25 किलोग्राम वजन से अधिक हेरोइन बरामद की गई। इतना ही नहीं, इस ऑपरेशन के दौरान पुलिस को 2 पिस्तौल, 4 मैगजीन और 60 जिंदा कारतूस भी मिले हैं। आशंका जताई जा रही है कि यह पूरा जखीरा पाकिस्तान से ड्रोन या अन्य माध्यमों के जरिए सीमा पार से भेजा गया था, जिसे आगे पंजाब और देश के अन्य हिस्सों में सप्लाई किया जाना था। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस घर का मालिक कौन है और इस तस्करी नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में अंतरराष्ट्रीय नशा तस्कर गिरोह की संलिप्तता से इनकार नहीं किया जा सकता। अधिकारियों के मुताबिक, आने वाले दिनों में इस मामले में बड़े खुलासे होने की पूरी संभावना है। फिलहाल पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और सीमा पर निगरानी और कड़ी कर दी गई है।
हमारा पहला उदेश्य आप तक सबसे पहले और सही खबर पहुंचाना। हमारे आसपास क्या हो रहा है, इसके बारे में आपकी नॉलेज को दुरुस्त करना। वहीं समाज की बुराईयों व गलत गतिविधियों संबंधी आगाह करना भी हमारे लक्ष्य में हैं।
Yashpal Sharma (Editor)