लुधियाना। लुधियाना-फिरोजपुर हाईवे पर मंगलवार देर रात नानकसर ब्रिज के पास एक सड़क हादसे में एक अज्ञात व्यक्ति की मौत हो गई। सूचना मिलने पर एसएसएफ की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर थाना सिटी की बस स्टैंड चौकी पुलिस को जानकारी दी।पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यदि 72 घंटे के भीतर मृतक की पहचान नहीं हो पाती है, तो कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम करवा कर शव का अंतिम संस्कार कर दिया जाएगा। एसएसएफ के अधिकारी गुरप्रीत सिंह ने बताया कि मंगलवार देर रात रेंज ऑफिस लुधियाना से नानकसर ब्रिज के पास झुग्गियों के नजदीक सड़क हादसे की सूचना मिली थी। टीम मौके पर पहुंची, जहां एक व्यक्ति खून से लथपथ गंभीर हालत में सड़क किनारे पड़ा मिला। जांच में उसकी मौत की पुष्टि हुई, मृतक के सिर पर गहरी चोट थी। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि किसी अज्ञात वाहन ने व्यक्ति को टक्कर मारी और चालक फरार हो गया। हादसे के बाद मृतक की पहचान नहीं हो सकी और उसके पास से कोई पहचान पत्र भी बरामद नहीं हुआ। सूचना पर चौकी बस स्टैंड जगराओं के ड्यूटी ऑफिसर एएसआई बलराज सिंह मौके पर पहुंचे। शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस ने शव को 72 घंटे के लिए सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है।
हमारा पहला उदेश्य आप तक सबसे पहले और सही खबर पहुंचाना। हमारे आसपास क्या हो रहा है, इसके बारे में आपकी नॉलेज को दुरुस्त करना। वहीं समाज की बुराईयों व गलत गतिविधियों संबंधी आगाह करना भी हमारे लक्ष्य में हैं।
Yashpal Sharma (Editor)