पंजाब। कपूरथला के बेगोवाल में आयोजित एक मेले में रविवार देर रात अफरातफरी मच गई। मेले में तकनीकी खराबी के कारण पेंडुलम राइड झूला अचानक हवा में ही लटक गया। इससे झूले में बैठे लोग चिल्लाने लगे। करीब 1 घंटे तक लोग हवा में ही लटके रहे। इसके बाद झूले को ठीक कर उन्हें उतारा गया। लोगों ने मांग की है कि मेले में लगे सभी झूलों की फिटनेस जांच करवाई जाए। मेला प्रबंधन ने भी लोगों को सुरक्षा के लिए आश्वस्त किया है। जानकारी के अनुसार, यह मेला संत बाबा प्रेम सिंह जी की सालाना बरसी के उपलक्ष्य में आयोजित किया जा रहा है। मेला मुख्य रूप से 3 जून तक चलेगा। हर साल की तरह इस बार भी लोगों और बच्चों के मनोरंजन के लिए मेले में तरह-तरह के आधुनिक झूले लगाए गए हैं। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि रविवार की रात जब मेला पूरे शबाब पर था, तभी अचानक मुख्य हिंडोला झूला ऊंचाई पर जाकर जाम हो गया। झूले में फंसे लोग और बच्चे डर के मारे चिल्लाने लगे, जिससे नीचे खड़े उनके परिजनों में भी घबराहट फैल गई और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।
एक घंटे की मशक्कत के बाद सभी नीचे उतारे
नीचे खड़े कुछ लोगों ने तो बच्चों की सुरक्षा को लेकर रोना तक शुरू कर दिया। लोग अपनों की सुरक्षा को लेकर बेहद चिंतित नजर आए। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए झूला संचालकों ने तुरंत मोर्चा संभाला। लगभग एक घंटे की कड़ी तकनीकी मशक्कत के बाद झूले की खराबी को दूर किया गया। इसके बाद झूले में फंसे सभी श्रद्धालुओं और बच्चों को एक-एक कर सुरक्षित नीचे उतारा गया। राहत की बात यह रही कि इस पूरे घटनाक्रम में किसी भी प्रकार का जानी नुकसान नहीं हुआ।
हमारा पहला उदेश्य आप तक सबसे पहले और सही खबर पहुंचाना। हमारे आसपास क्या हो रहा है, इसके बारे में आपकी नॉलेज को दुरुस्त करना। वहीं समाज की बुराईयों व गलत गतिविधियों संबंधी आगाह करना भी हमारे लक्ष्य में हैं।
Yashpal Sharma (Editor)