लुधियाना। फिरोजपुर रोड स्थित चौकीमान टोल प्लाजा पर शुक्रवार तड़के कार सवार कुछ युवकों ने एक टोल कर्मी की जमकर पिटाई कर दी। बताया जा रहा है कि युवक टोल पर बिना शुल्क दिए निकलने की जिद कर रहे थे, जबकि टोल कर्मी ने उन्हें रोक दिया। इसी बात को लेकर टोल कर्मी और कार सवारों के बीच बहस हो गई। इसके बाद कार सवार वाहन से बाहर निकले और उन्होंने टोल कर्मी की सड़क पर पिटाई कर दी। टोल कर्मी मदद के लिए चिल्लाता रहा, लेकिन आरोपी उसे पीटते रहे। यह पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई। टोल कर्मी की पहचान तलवंडी कलां निवासी हरजीत सिंह के रूप में हुई है। हरजीत सिंह ने बताया कि वह रात 12 बजे से सुबह 8 बजे तक ड्यूटी पर थे। सुबह करीब 4 बजे एक कार में सवार कुछ युवक टोल प्लाजा पहुंचे और बिना टोल दिए फ्री लेन से निकलने की कोशिश करने लगे। हरजीत सिंह के अनुसार, जब उन्होंने युवकों से स्थानीय पहचान पत्र मांगा तो उन्होंने खुद को मुल्लापुर दाखा का निवासी बताया। युवकों ने यह भी कहा कि वे पहले भी बिना टोल दिए निकलते रहे हैं और इस बार भी बिना पर्ची के गुजरेंगे। हरजीत सिंह ने बताया कि जब उन्होंने आधार कार्ड दिखाने और वाहन नंबर प्लेट की फोटो लेने का प्रयास किया, तो कार सवार युवकों ने उनसे बहस शुरू कर दी। आरोप है कि इसके बाद उन्होंने टोल कर्मी के साथ मारपीट की और मौके से फरार हो गए।
Youths-In-A-Car-Create-A-Ruckus-And-Assault-An-Employee-At-The-Ferozepur-Road-Toll-Plaza