फतेहगढ़ साहिब। पंजाब के फतेहगढ़ साहिब जिले में बेअदबी के आरोपी की तेजधार हथियार से काटकर हत्या कर दी गई। नकाबपोश हमलावर आधी रात को घर में घुसे। जिसके बाद तेजधार हथियार से उस पर हमला कर दिया। इस दौरान व्यक्ति के चिल्लाने की आवाज सुनकर उसकी बेटी और पत्नी की आंख खुल गई। वह 7 महीने पहले ही जमानत पर जेल से छूटा था। बेटी ने कहा कि डैडी ‘मैनूं बचा लो, मैनूं मारता-मैनूं मारता’ चिल्ला रहे थे। जब हम डंडा लेकर बचाने गए तो हमलावरों ने हम पर अटैक कर दिया। हमने कमरे के दरवाजे को कुंडी लगाकर जान बचाई। फिर पड़ोसियों को फोन कर बुलाया। उनके आने का पता चलते ही हमलावर दीवार फांदकर भाग निकले। कत्ल की वजह से घर के अंदर चारों तरफ खून ही खून फैला हुआ था। इसके बाद पुलिस बुलाई गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस हत्या की वजह के बारे में पता चल रही है। मरने वाले का नाम मेवा सिंह है। वह मंडी गोबिंदगढ़ के गांव लाडपुर तूरां स्थित गुरुद्वारा साहिब में 6 साल पुराने बेअदबी केस का आरोपी था। वह जमानत पर जेल से छूटकर आया था।
डैडी चिल्ला रहे थे, मां और मेरी आंख खुली
मृतक की बेटी ने कहा- रात डैडी वॉशरूम के लिए कमरे से बाहर निकले। फिर उनकी चिल्लाने की आवाज आई। मेरी भी आंख खुल गई। मां भी उठ गई। हमने सुना कि डैडी चिल्ला रहे थे, मैनूं बचा लो, मैंनू मारता-मैनूं मारता (मुझे बचा लो, मुझे मार दिया, मुझे मार दिया)। बेटी ने आगे कहा- मैं और मम्मी बाहर निकले तो 2 आदमी बुरी तरह से डैडी को मार रहे थे। मैं और मम्मी जब डंडा लेकर डैडी को बचाने गए तो उन्होंने हम पर भी अटैक कर दिया। हमने कमरे का दरवाजा बंद कर दिया। फिर हमने पड़ोसियों को फोन किया।
पड़ोसियों का कुंडा खड़का तो हमलावर भाग गए
बेटी ने कहा- इसके बाद पड़ोसी यहां आने लगे तो उनके यहां का कुंडा खड़का। इससे हमलावरों को लगा कि कोई आ रहा है। इसके बाद वह भाग गए। हमें नहीं पता कि वह कैसे भागे लेकिन शायद दीवार फांदकर फरार हुए होंगे। इसके बाद पड़ोसियों का लड़का आया, उसने कहा कि हमलावर भाग गए, तुम कमरे का कुंडा खोल दो।
मुंह ढके हुए थे, तीखे हथियार थे
बेटी ने कहा– इसके बाद हमने कुंडा खोला। फिर हमने ताया को फोन किया। फिर सारे यहां पहुंचे। उनके पास तीखे हथियार थे। लोअर–टीशर्ट, आम कपड़े ही पहने हुए थे। उन्होंने कोई बात नहीं की। उनके मुंह ढके हुए थे। ये करीब रात करीब डेढ़ बजे की घटना है। बेटी ने कहा कि पहले किसी से कोई विवाद जैसी कोई बात नहीं थी। गांव में हमारी कोई रंजिश नहीं है। न हमारी किसी से लड़ाई हुई और न ही हमारी या डैडी की कभी किसी से कोई बहस हुई।
Accused-In-Punjab-Sacrilege-Case-Killed-By-Having-His-Throat-Slit-He-Had-Been-Released-On-Bail-Seven-Months-Ago