लुधियाना में नाले में गिरा अनियंत्रित ट्रक : ड्राइवर बेहोश हुआ, सुरक्षा टीम ने बचाई जान; राजस्थान में केमिकल डिलीवरी देकर आ रहा था
Sep3,2026
| Enews Team | Ludhiana
लुधियाना। जगराओं में एक अनियंत्रित ट्रक सेम नाले में जा गिरा। पर्याप्त आराम न मिलने के कारण ड्राइवर को रास्ते में नींद की झपकी आ गई। वह राजस्थान में केमिकल की डिलीवरी देकर मुल्लांपुर दाखा लौट रहा था। हादसे में ट्रक ड्राइवर बेहोश हो गया। राहगीरों और सड़क सुरक्षा फोर्स की टीम ने काफी मशक्कत के बाद उसे ट्रक से बाहर निकाला। ड्राइवर को अस्पताल पहुंचाया गया, जिससे उसकी जान बच गई। मुल्लांपुर दाखा की फीड फैक्टरी में काम करने वाला ट्रक ड्राइवर रंजीत सिंह सोनू राजस्थान से केमिकल की डिलीवरी देकर खाली ट्रक लेकर वापस आ रहा था। लुधियाना-बठिंडा राजमार्ग पर बंद टोल प्लाजा के पास खतरनाक मोड़ पर उसे नींद की झपकी आ गई। इससे ट्रक का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क से उतरकर सेम नाले में जा गिरा।
ड्राइवर सोनू अंदर ही बेहोश हो गया
ट्रक तेजी से पानी में धंसने लगा और ड्राइवर रंजीत सिंह सोनू अंदर ही बेहोश हो गया। हादसे की खबर मिलते ही सड़क सुरक्षा फोर्स की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने रस्सियों का इंतजाम किया और राहगीरों की मदद से ट्रक तक पहुंची। काफी कोशिश के बाद बेहोश चालक को ट्रक से बाहर निकाला गया।
समय पर इलाज मिलने से ड्राइवर की जान बची
सड़क सुरक्षा फोर्स की टीम ने घायल ड्राइवर को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया। ड्राइवर का फोन नंबर लेकर उसके परिवार और ट्रक मालिकों को भी हादसे की जानकारी दी गई।समय पर इलाज मिलने से ड्राइवर की जान बच गई। होश में आने के बाद रंजीत सिंह सोनू ने बताया कि लंबा रूट होने के कारण उसे ठीक से आराम नहीं मिला था। उसकी नींद भी पूरी नहीं हुई थी। इंचार्ज कुलविंदर सिंह ने बताया कि ट्रक को नाले से बाहर निकालने के लिए क्रेन मंगवाई जा रही है। घायल ड्राइवर का इलाज करवाया जा रहा है।
Out-Of-Control-Truck-Falls-Into-Drain-In-Ludhiana-Driver-Loses-Consciousness-Safety-Team-Saves-His-Life-He-Was-Returning-After-Delivering-Chemicals-In-Rajasthan