वेरका मिल्क प्लांट के जीएम को अगवा कर की लूट, कार से टक्कर मार रोका, लूट के बाद 2 लाख गुगल पे भी करवाए
Sep3,2026
| Enews Team | Ludhiana
लुधियाना। लुधियाना के जगराओं के पास फिरोजपुर वेरका मिल्क प्लांट के जीएम सुरजीत सिंह को बदमाशों ने रास्ते में घेरकर बुरी तरह पीट दिया। आरोपियों ने उनकी गाड़ी को टक्कर मारकर रोका और उनसे कैश छीनने के बाद मोबाइल से करीब 2 लाख रुपए पेटीएम के जरिए ट्रांसफर करवा लिए। इसके बाद आरोपी उनका मोबाइल और पर्स भी ले गए। गंभीर रूप से घायल जीएम को इलाज के लिए डीएमसी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। उनके शरीर में तीन से चार फ्रैक्चर हैं। घटना के बाद पीड़ित का परिवार और उनके सहकर्मी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। जीएम सुरजीत सिंह की पत्नी गुरमीत कौर ने बताया कि उनके पति बुधवार को ड्यूटी से वापस लौट रहे थे। तभी जगराओं के पास रास्ते में कुछ लोगों ने उनकी गाड़ी को टक्कर मारकर उन्हें रोक लिया। कुछ लोग उनकी गाड़ी में जबरन सवार हो गए और पैसों की मांग करने लगे।
पहले पैसों की मांग की, फिर पीटा
पत्नी के मुताबिक, GM ने आरोपियों को बताया कि उनके पास ज्यादा कैश नहीं है। इसके बाद आरोपियों ने उनके पास मौजूद थोड़ी-बहुत नकदी भी ले ली और मारपीट कर उनके मोबाइल से करीब 2 लाख रुपए पेटीएम के जरिए ट्रांसफर करवा लिए। आरोपियों ने पैसे ट्रांसफर करवाने के बाद पीड़ित का मोबाइल और पर्स भी कथित तौर पर छीन लिया। मारपीट में घायल जीएम किसी तरह अपने घर पहुंचे। पीड़ित की पत्नी ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान से इंसाफ की मांग की है।
Verka-Milk-Plant-Gm-Abducted-And-Robbed-Car-Rammed-To-Force-A-Stop-And-2-Lakh-Transferred-Via-Google-Pay-After-The-Robbery