दरेसी में युवक को धमकी के बाद हत्या, दोस्त गंभीर, बदमाशों ने हथियारों से हमला कर आंतड़ियां बाहर निकाली
Nov27,2026
| Enews Team | Ludhiana
लुधियाना। दरेसी के इलाके जसवंत नगर की बिंद्रा कॉलोनी में कुछ बदमाशों ने 2 पक्के दोस्त युवकों पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में दोनों युवक घायल हो गए। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। शोर सुनकर मोहल्ले के लोग घरों से बाहर निकले तो दोनों युवक खून से लथपथ हालत में गली में पड़े मिले। लोगों ने उन्हें तुरंत सीएमसी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने हनी बांसल को मृत घोषित कर दिया। क्योंकि हमले के दौरान उसकी आंतड़ियां बाहर निकाल दी थी। वहीं दूसरे दोस्त पवन की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। घटना की सूचना मिलने के बाद थाना दरेसी की पुलिस मौके पर पहुंची। इलाका निवासी नगिंद्रा ने बताया कि गुरुवार को मोहल्ले के लोग अपने घरों में सो रहे थे। शोर मचा कि किसी व्यक्ति का कत्ल कर दिया गया है।जब लोग मौके पर पहुंचे तो देखा कि 6 से 7 हमलावर दोनों युवकों पर हमला करने के बाद गलियों से फरार हो चुके थे। दोनों युवक खून से लथपथ पड़े थे। इसके बाद मोहल्ले के लोगों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया। हत्या करने वाले आरोपियों की पहचान राहुल उर्फ गोलू निवासी हैबोवाल, प्रिंस उर्फ लल्ला निवासी ऋषि नगर, दलजीत प्रताप सिंह वाला, गौरव निवासी राजन इस्टेट, मनजीत मनी निवासी अशोक नगर के रूप में हुई है।
दोपहर को सोशल मीडिया ग्रुपों में दी थी धमकी
इलाका निवासी राकेश कुमार ने बताया कि हनी बांसल को वारदात से पहले दोपहर के समय धमकी मिली थी। सोशल मीडिया के कुछ ग्रुपों में संदेश डाले गए थे कि हनी बांसल को मार देंगे और उसका मर्डर कर दिया जाएगा। राकेश के मुताबिक, हैबोवाल इलाके के कुछ लोगों के साथ हनी की पुरानी रंजिश चल रही थी। हनी और पवन दोनों काफी करीबी दोस्त थे। एएसआई सुखविंदर ने घटनास्थल का जायजा लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस हमलावरों की पहचान और वारदात के पीछे की रंजिश के पहलुओं की जांच कर रही है।
In-Daresi-A-Young-Man-Was-Murdered-After-Being-Threatened-His-Friend-Is-In-Critical-Condition-The-Assailants-Attacked-Them-With-Weapons-Causing-The-Victims-Intestines-To-Spill-Out