शिमला। वैष्णो देवी में अर्धकुमारी के पास लैंडस्लाइड में कुछ लोग घायल हुए हैं। रेस्क्यू जारी है। खराब मौसम के कारण वैष्णो देवी यात्रा स्थगित कर दी गई है। श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने यह जानकारी दी है। बोर्ड ने अभी इसके फोटो-वीडियो जारी नहीं किए हैं। जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में मंगलवार को कई जगहों पर बादल फटने से अचानक बाढ़ आ गई। इसमें 10 से 15 घर बह गए। डोडा में पिछले 24 घंटे के दौरान 4 लोगों की मौत हुई है। हालांकि ये मौतें किन इलाकों में हुईं, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है। जम्मू-कश्मीर में लगातार तीन दिन से रुक-रुक कर भारी बारिश हो रही है। दो दिनों के लिए स्कूल बंद कर दिए हैं। जम्मू-श्रीनगर और बटोटे-किश्तवाड़ सहित कई नेशनल हाईवे समेत कई सड़कें बंद हैं। कई जगह नेटवर्क न होने की वजह से लोग इंटरनेट और कॉल कॉलिंग सर्विस का इस्तेमाल नहीं कर पा रहे। वहीं, हिमाचल प्रदेश के कुल्लू व मनाली में 20 से ज्यादा घर, दुकानें और रेस्टोरेंट ब्यास नदी और पहाड़ी नालों में समा चुके हैं। नदियों के किनारे बने 30 से ज्यादा घर भी खतरे में हैं। कुल्लू-मनाली रोड का एक हिस्सा ब्यास नदी में बह गया। इससे मनाली का कुल्लू जिला मुख्यालय से संपर्क कट चुका है।
--