यशपाल शर्मा, लुधियाना, 9 जून 2026
केंद्र सरकार द्वारा शुरू किए गए BHAVYA पोर्टल के लॉन्च कार्यक्रम के दौरान लुधियाना चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के अध्यक्ष उपकार सिंह आहूजा ने एमएसएमई सेक्टर से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल के समक्ष रखे। इस दौरान मंत्री ने उद्योगों के लिए बेहतर बुनियादी ढांचा विकसित करने और राज्यों की भूमिका पर विस्तार से अपने विचार साझा किए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपकार सिंह आहूजा ने कहा कि BHAVYA योजना विशेष रूप से उन सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों (एमएसएमई) के लिए बेहद लाभकारी साबित होगी जिन्हें छोटे आकार के औद्योगिक भूखंडों की आवश्यकता होती है। उन्होंने सुझाव दिया कि केंद्र सरकार की "एक जिला, एक उत्पाद" (ओडीओपी) योजना को BHAVYA पोर्टल के साथ जोड़ा जाना चाहिए, क्योंकि देश के कई शहर और जिले विशेष उत्पादों के लिए प्रसिद्ध हैं और इससे स्थानीय उद्योगों को अतिरिक्त लाभ मिल सकता है।
आहूजा ने दूसरा सुझाव देते हुए कहा कि एमएसएमई सेक्टर में तकनीकी विकास की अभी भी काफी गुंजाइश है। उन्होंने मांग की कि सरकार तकनीकी कंपनियों के लिए विशेष प्रोत्साहन या विशेष औद्योगिक क्षेत्र विकसित करे, ताकि वे एमएसएमई इकाइयों के साथ मिलकर आधुनिक तकनीक और नवाचार को बढ़ावा दे सकें। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि डीप-टेक स्टार्टअप्स को बढ़ावा देने के सुझाव पर सरकार गंभीरता से विचार करेगी। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि उद्योगों को प्रत्यक्ष प्रोत्साहन (इंसेंटिव) देने की जिम्मेदारी मुख्य रूप से राज्य सरकारों की होती है।
केंद्र का मुख्य उद्देश्य उद्योग मजबूत बनाना
गोयल ने कहा कि केंद्र सरकार का मुख्य उद्देश्य उद्योगों के लिए मजबूत और विश्वस्तरीय बुनियादी ढांचा तैयार करना है। BHAVYA योजना भी इसी दिशा में उठाया गया एक महत्वपूर्ण कदम है, जिसका उद्देश्य उद्योगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि देश के विभिन्न राज्य अब औद्योगिक निवेश आकर्षित करने के लिए आपस में प्रतिस्पर्धा कर रहे हैं। उन्होंने मध्य प्रदेश और गुजरात का उदाहरण देते हुए कहा कि कई राज्य उद्योगों के लिए आकर्षक नीतियां लेकर आ रहे हैं और निवेशकों को बेहतर सुविधाएं प्रदान कर रहे हैं। उन्होंने उद्योगपतियों से आह्वान किया कि वे विभिन्न राज्यों के साथ संवाद कर अपने उद्योगों के लिए बेहतर अवसर और सुविधाएं हासिल करें। गोयल ने विश्वास जताया कि राज्यों के बीच बढ़ती प्रतिस्पर्धा का सीधा लाभ उद्योग जगत और एमएसएमई सेक्टर को मिलेगा। BHAVYA पोर्टल के लॉन्च कार्यक्रम में उद्योग जगत के प्रतिनिधियों ने इसे औद्योगिक विकास और एमएसएमई क्षेत्र को नई दिशा देने वाला महत्वपूर्ण कदम बताया।