लुधियाना। पंजाब सरकार ने लुधियाना जिले के खन्ना में सिविल अस्पताल की गाइनेकोलॉजिस्ट डॉ. कविता शर्मा को सस्पेंड कर दिया है। यह कार्रवाई ड्यूटी में कोताही के आरोप के चलते की गई है। उनके खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है। यह कार्रवाई चार दिन पहले हुई एक घटना के बाद की गई है। खन्ना सिविल अस्पताल में एक गर्भवती महिला को समय पर इलाज न मिलने के कारण नवजात बच्ची की मौत हो गई थी। शुक्रवार सुबह खन्ना पहुंचे सेहत मंत्री ने कहा कि जैसे ही उन्हें इस घटना की जानकारी मिली, उन्होंने सिविल सर्जन को तीन डॉक्टरों की जांच कमेटी बनाने के आदेश दिए। जांच में पाया गया कि गायनेकोलॉजिस्ट डॉ. कविता शर्मा की लापरवाही थी। मंत्री ने कहा कि हमें ऐसे डॉक्टरों की कोई जरूरत नहीं है। उन्होंने यह भी बताया कि आगे की जांच जारी रहेगी। संभव हुआ तो डॉक्टर को बर्खास्त भी किया जा सकता है। उनका लाइसेंस भी रद्द किया जा सकता है।
ड्यूटी पर आने से किया था मना
घटना सोमवार रात की है जब मनप्रीत कौर नामक महिला की डिलीवरी होनी थी। रात के समय महिला को सिविल अस्पताल से रेफर किया गया था। परिवार के लोगों ने जाने से मना कर दिया था। इसके बाद एसएमओ डॉ. मनिंदर भसीन ने ऑन कॉल ड्यूटी डॉक्टर कविता शर्मा को डिलीवरी के लिए बुलाया था। लेकिन कविता ने इनकार कर दिया था। महिला की हालत को देखते हुए एसएमओ ने निजी और सरकारी डॉक्टरों को साथ लेकर खुद ऑपरेशन करके महिला की जान बचा ली थी। नवजात बच्ची की हालत गंभीर होने के कारण उसे रेफर किया गया था। चंडीगढ़ जाते समय बच्ची की मौत हो गई थी।
हमारा पहला उदेश्य आप तक सबसे पहले और सही खबर पहुंचाना। हमारे आसपास क्या हो रहा है, इसके बारे में आपकी नॉलेज को दुरुस्त करना। वहीं समाज की बुराईयों व गलत गतिविधियों संबंधी आगाह करना भी हमारे लक्ष्य में हैं।
Yashpal Sharma (Editor)