लुधियाना। लीगल एड डिफेंस काउंसिल (एलएडीसी) नीति के विरोध में पंजाब बार एसोसिएशनों की जॉइंट एक्शन कमेटी के आह्वान पर लुधियाना समेत पंजाब की सभी बार एसोसिएशन द्वारा हड़ताल कर दी गई है। सोमवार से वकीलों ने सीजेएम कोर्ट के नजदीक अनिश्चितकालीन धरना भी शुरू कर दिया। जिला अदालतों में ‘नो वर्क’ पूरी तरह जारी रहा। हड़ताल और धरने के चलते न्यायिक कार्य पूरी तरह प्रभावित रहा तथा अधिकांश मामलों में सुनवाई अगली तारीखों के लिए स्थगित करनी पड़ी। रविवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित जॉइंट एक्शन कमेटी की बैठक में आंदोलन को और तेज करने का सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया। बैठक में स्पष्ट किया गया कि एलएडीसी नीति वापस लिए जाने तक पूरे पंजाब में ‘नो वर्क’ जारी रहेगा। इसके अलावा सभी जिलों में क्रमिक भूख हड़ताल शुरू करने, पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट, चंडीगढ़ में विरोध प्रदर्शन तथा बाद में नई दिल्ली में सुप्रीम कोर्ट के निकट धरना एवं भूख हड़ताल आयोजित करने का भी फैसला लिया गया। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि प्रत्येक एडवोकेट व्यक्तिगत रूप से भारत के माननीय मुख्य न्यायाधीश को एलएडीसी नीति के विरोध में अपना प्रतिनिधित्व भेजेगा। साथ ही हरियाणा की बार एसोसिएशनों से समर्थन प्राप्त करने के लिए प्रतिनिधिमंडल गठित किए जाएंगे, ताकि आंदोलन को और व्यापक बनाया जा सके।
लिखित एवं संतोषजनक समाधान के बाद खत्म होगी हड़ताल
डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन, लुधियाना के अध्यक्ष विपिन सग्गर ने कहा कि अधिवक्ताओं की मांगों पर अभी तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। उन्होंने कहा कि जब तक संबंधित अधिकारियों की ओर से लिखित एवं संतोषजनक समाधान नहीं दिया जाता, तब तक ‘नो वर्क’ और आंदोलन पूरी मजबूती से जारी रहेगा। बार एसोसिएशन के सचिव हिमांशु वालिया ने कहा कि यह संघर्ष अधिवक्ताओं के अधिकारों और बार एसोसिएशनों की स्वायत्तता की रक्षा के लिए है। उन्होंने कहा कि पूरे पंजाब के अधिवक्ता संयुक्त कार्रवाई समिति के नेतृत्व में पूरी एकजुटता के साथ संघर्ष कर रहे हैं और आगामी सभी आंदोलनात्मक कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेंगे। बार एसोसिएशन ने सभी अधिवक्ताओं से अनुशासन एवं एकता बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि एलएडीसी नीति वापस होने तक अदालतों में हड़ताल और आंदोलन पूरी मजबूती के साथ जारी रहेगा।
हमारा पहला उदेश्य आप तक सबसे पहले और सही खबर पहुंचाना। हमारे आसपास क्या हो रहा है, इसके बारे में आपकी नॉलेज को दुरुस्त करना। वहीं समाज की बुराईयों व गलत गतिविधियों संबंधी आगाह करना भी हमारे लक्ष्य में हैं।
Yashpal Sharma (Editor)