चंडीगढ़। पंजाब के सीएम भगवंत मान ने शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) के प्रधान हरजिंदर सिंह धामी के वोट प्रचार करने पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने पूछा है कि जिस राजनीतिक पार्टी पर श्री गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी के आरोप लगते हैं, उस पार्टी के हक में एसजीपीसी प्रधान द्वारा वोटों का प्रचार करना कितना उचित है?। सीएम मान ने इस संबंध में ट्वीट कर सवाल खड़े किए हैं। सीएम मान ने पूछा है कि क्या यह लोगों की धार्मिक भावनाओं के साथ खिलवाड़ नहीं है?। गौरतलब है कि इससे पहले भी सीएम पंजाब भगवंत मान और एसजीपीसी के प्रधान के बीच खालिस्तान समर्थक अमृतपाल सिंह की गिरफ्तारी के लिए चलाई गई मुहिम के दौरान सिख युवकों की गिरफ्तारी पर तलख़ी बढ़ी थी। सीएम की गोल्डन टेंपल विजिट को बताया था निंदनीय इससे पहले भी सीएम भगवंत मान और एसजीपीसी प्रधान आमने-सामने हो चुके हैं। दरअसल, शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) के प्रधान हरजिंदर सिंह धामी ने सीएम भगवंत मान के श्री गुरु ग्रंथ साहिब के प्रकाश पर्व पर पत्नी डॉ. गुरप्रीत कौर और अन्य पारिवारिक सदस्यों सहित गोल्डन टेंपल में VIP बनकर आने पर आपत्ति जताते हुए इसे निंदनीय बताया था। सीएम मान की VIP मूवमेंट के चलते पुलिस ने गोल्डन टेंपल की ओर आने वाले रास्तों को बंद कर दिया था। साथ ही गोल्डन टेंपल प्लाजा में भी संगत को रोक दिया गया था।