नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज देश के पहले 8 लेन एलिवेटेड हाईवे की शुरुआत की। गुरुग्राम से दिल्ली IGI एयरपोर्ट तक बने इस द्वारका एक्सप्रेसवे के साथ अर्बन एक्सटेंशन रोड-2 (UER-2) का भी उद्घाटन हुआ। इन दोनों प्रोजेक्ट पर 11 हजार करोड़ रुपए की लागत आई है। इस एक्सप्रेसवे से दिल्ली और गुरुग्राम के बीच जाम खत्म होगा। उद्घाटन के बाद PM नरेंद्र मोदी ने कहा- दिल्ली को हमें विकास का ऐसा मॉडल बनाना है, जहां से सबको महसूस हो कि ये विकसित होते भारत की राजधानी है। PM ने आगे कहा- हम देखते हैं कि दिल्ली की पिछली सरकारों ने दिल्ली को बर्बाद किया। मैं जानता हूं कि भाजपा की नई सरकार को दिल्ली को उबारने में काफी समय लगेगा। वहीं कार्यक्रम में पहुंचने से पहले PM मोदी द्वारका एक्सप्रेसवे पर पहुंचे। जहां उन्होंने एक्सप्रेसवे पर काम करने वाले मजदूरों से बात कर उनके अनुभव जाने। इसके बाद अधिकारियों से प्रोजेक्ट की जानकारी ली। कार्यक्रम स्थल पर जाते हुए उन्होंने रोहिणी से लेकर बक्करवाला तक रोड शो किया। जिस दौरान हाईवे के दोनों किनारों पर खड़े लोगों का गाड़ी से बाहर निकलकर अभिवादन किया। दिल्ली के रोहिणी में हो रहे इस कार्यक्रम में केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी, दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता और हरियाणा के सीएम नायब सैनी भी उनके साथ मौजूद हैं।
दिल्ली को उबारने में टाइम लगेगा
PM ने कहा- लंबे अरसे के बाद दिल्ली में भाजपा की सरकार बनी है। हम देखते हैं कि दिल्ली की पिछली सरकारों ने दिल्ली को बर्बाद किया। मैं जानता हूं कि भाजपा की नई सरकार को दिल्ली को उबारने में काफी समय लगेगा। पहले तो गड्ढा भरने में टाइम जाएगा फिर कुछ काम दिखेगा, लेकिन मुझे भरोसा है कि पिछले दशकों की समस्याओं को दिल्ली को बाहर ये सरकार निकालेगी।