यशपाल शर्मा, लुधियाना भारतीय रिजर्व बैंक की ओर से पेटीएम पेमेंट्स बुक का ऑपरेटिंग लाइसेंस रद्द करने के संकेत के बाद पेटीएम कंपनी और इसमें निवेश करने वाले आम पब्लिक की मुश्किलें बढ़ती दिख रही है। पेटीएम कंपनी की ओर से अपने यूजर्स को शुक्रवार बाद दोपहर ईमेल के जरिए सूचित कर दिया है कि 29 फरवरी के बाद वे अपने पेटीएम अकाउंट व वॉलेट में पेमेंट जमा नहीं करवा पाएंगे। कंपनी ने अपनी इस मेल में साथ में आरबीआई की रिस्ट्रिक्शन का भी ब्योरा दिया है। मतलब यह कि अब 29 फरवरी के बाद पेटीएम वॉलेट के जरिए किसी को भी आप पेमेंट नहीं कर सकेंगे और ना ही इस ऐप के जरिए आप अपने वॉलेट में किसी से पेमेंट मंगवा सकेंगे। इसी का नतीजा है कि पेटीएम कंपनी का शेयर पिछले 4 दिनों से 20 परसेंट के लोअर सर्किट पर है। शुक्रवार को भी पेटीएम कंपनी का शेयर 20% के लोअर सर्किट पर बंद हुआ और करीब तीन दिन पहले 750 पर दिखने वाला कंपनी का शेयर 487 पर बंद हुआ। ऐसे में इस कंपनी के शेयर में इन्वेस्ट करने वाले शेयर धारकों को बहुत बड़ा झटका देखने को मिल रहा है। पिछले मात्र तीन दिनों में ही उनकी इन्वेस्टमेंट इस शेयर में लगभग आधी के आसपास रह गई है। क्या नहीं चलेगा आरबीआई के एक्शन से उन यूजर्स को परेशानी हो सकती है जिन्होंने अपने पेटीएम पेमेंट्स बैंक अकाउंट को यूपीआई से लिंक किया है। अगर आपका यूपीआई एड्रेस एसबीआई या आईसीआईसीआई जैसे किसी दूसरे बैंक अकाउंट के साथ लिंक है तो आरबीआई के एक्शन से आप पर कोई असर नहीं होगा। जो दुकानदार अपने पेटीएम पेमेंट्स बैंक अकाउंट में पैसा रिसीव करते हैं, वे पेमेंट रिसीव नहीं कर पाएंगे। पेटीएम फास्टैग यूजर्स को दूसरे इश्यूर से नया टैग खरीदना होगा और अभी जिसका इस्तेमाल कर रहे हैं, उसे डिएक्टिवेट करना होगा। पेटीएम के जरिए लोन लेने वालों को लगातार रिपेमेंट करते रहना होगा क्योंकि यह लोग थर्ड-पार्टी लेंडर का है, पेटीएम का नहीं।
Rbi-Order-Fell-Heavily-On-Paytm-Users-And-Its-Shareholders