चंडीगढ़। चंडीगढ़ प्रशासन ने ट्रैफिक नियमों की लगातार अवहेलना करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की तैयारी कर ली है। रजिस्ट्रेशन एंड लाइसेंसिंग अथॉरिटी (आरएलए) ने 43 हजार वाहन मालिकों को शो-कॉज नोटिस जारी किया है। इन सभी वाहन मालिकों को 15 दिनों के भीतर अपना पक्ष रखने का निर्देश दिया गया है। आरएलए के अधिकारियों के अनुसार, यदि वाहन मालिक निर्धारित समय में संतोषजनक जवाब नहीं देते हैं, तो उनकी वाहन रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट (आरसी) रद्द कर दी जाएगी। साथ ही, मोटर वाहन अधिनियम, 1988 की धारा 19 के तहत उनका ड्राइविंग लाइसेंस भी निलंबित किया जा सकता है। यह कार्रवाई मोटर वाहन अधिनियम की धारा 53 और मोटर वाहन नियम, 1989 के प्रावधानों के अनुसार की जा रही है।
अतिरिक्त नोटिस जारी नहीं किया जाएगा
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि वाहन मालिकों को अपना जवाब विभाग की आधिकारिक ईमेल आईडी पर भेजना होगा। यदि 15 दिनों में कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलती है, तो इसे स्वीकृति माना जाएगा और बिना किसी अतिरिक्त सूचना के आरसी रद्द कर दी जाएगी। प्रशासन का यह कदम सड़क दुर्घटनाओं को कम करने और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट कर दिया है कि यह अंतिम चेतावनी है और इसके बाद कोई अतिरिक्त नोटिस जारी नहीं किया जाएगा। एचसीएस अधिकारी (आरएलए) प्रधुमन सिंह ने कहा ट्रैफिक नियमों का पालन करना सभी वाहन चालकों की जिम्मेदारी है। बार-बार उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी ताकि सड़क सुरक्षा को सुनिश्चित किया जा सके। यह कदम नागरिकों की सुरक्षा और ट्रैफिक अनुशासन को बनाए रखने के लिए उठाया गया है।
Notice-Issued-To-43-Thousand-Vehicle-Owners-For-Continuously-Breaking-The-Rules-Order-To-Reply-In-15-Days-Otherwise-Rc-Will-Be-Canceled