पंजाब नेशनल बैंक में भारत की सबसे बड़ी चोरी, बैंक चेस्ट से 17.29 करोड़ के जाली नोट मिले, असली नोट चुराकर नकली रख गए चोर
Sep9,2026
| Enews Team | New Delhi
नई दिल्ली। भारत में पंजाब नेशनल बैंक में अब तक की सबसे बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। जिसमें चोरों ने अधिकारियों के साथ मिलकर 17.29 करोड़ रुपए के जाली नोट रखकर असली चुरा लिए। यह घटना सहारनपुर स्थित पंजाब नेशनल बैंक की करेंसी चेस्ट में हुई। ईडी ने मामले की जांच अपने हाथ में ले ली है। इस साजिश में आरोपी करेंसी चेस्ट प्रबंधक अमित कुमार ने अहम भूमिका निभाई। अमित को ईडी ने गिरफ्तार कर लिया है। अब जैसे-जैसे पूछताछ होगी, वैसे-वैसे नेटवर्क की परतें खुलती चली जाएंगी। इसके अलावा उन बैंककर्मियों की भी टेंशन बढ़ गई है, जो फरार चल रहे हैं। पीएनबी की करेंसी चेस्ट में नकली नोट रखने के तार कहां तक जुड़े हैं, इसकी जांच एनआईए कर रही है। मुख्य आरोपी अमित कुमार लखनऊ से गिरफ्तार किया है, जबकि मंडल कार्यालय के वरिष्ठ प्रबंधक रवि कुमार कांसे और करेंसी चेस्ट प्रबंधक सुशील शर्मा फरार चल रहे हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए भी लगातार दबिशें दी जा रही हैं। कड़ी से कड़ी जोड़कर टीमें पीछा कर रही हैं। उनकी गिरफ्तारी होने से पूरे मामले का राजफाश हो जाएगा।
भारत में ही तैयार करवाए नकली नोट
यह भी पता चलेगा कि नकली नोटों की छपाई स्थानीय स्तर पर कराई गई थी या दूसरे राज्य में। हालांकि, एनआईए की टीम मुख्य आरोपी अमित कुमार से भी छपाई को लेकर जानकारी लेगी। इतना ही नहीं, सभी आरोपियों की गिरफ्तारी करने के बाद टीम उनकी प्रॉपर्टी की भी जांच कर सकती है। जाली नोट की जगह असली नोटों से प्रॉपर्टी खरीदी गई होगी। प्रॉपर्टी कहां-कहां खरीदी गई, यह पता लगाया जाएगा।
एनआईए ने लखनऊ से दबोचा आरोपी अमित कुमार
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने पंजाब नेशनल बैंक की करेंसी चेस्ट में नकली नोटों की साजिश के मामले में नामजद मुख्य आरोपी बैंक अधिकारी अमित कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। एनआईए के लखनऊ थाने में इसकी एफआईआर भी दर्ज की जा चुकी है। अब जाली नोटों के स्रोत से भी पर्दा उठेगा।
तीनों प्रबंधकों को कर दिया था निलंबित
पीएनबी के नोडल अधिकारी अरुण कुमार चौबे ने मंडल कार्यालय के वरिष्ठ प्रबंधक रवि कुमार कांसे निवासी अंबेडकर कॉलोनी सहारनपुर, करेंसी चेस्ट प्रबंधक सुशील शर्मा निवासी नवीन नगर और करनाल मंडल में खेरा बाजार जगाधरी की करेंसी चेस्ट प्रबंधक अमित कुमार निवासी अंसल टाउन जगाधरी यमुनानगर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इसके साथ ही उन्हें निलंबित भी कर दिया गया था।
प्रबंधकों के अलावा चार अन्य कर्मचारियों की भी तलाश
इसके बाद से इन आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एनआईए, एसआईटी और पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं। पीएनबी के चार अन्य कर्मचारियों की भी तलाश चल रही है, जो इन आरोपियों के संपर्क में थे। एनआईए ने तीन सितंबर को अपने थाने में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की थी। इसके बाद एनआईए की टीम ने करनाल मंडल में खेरा बाजार जगाधरी की करेंसी चेस्ट प्रबंधक अमित कुमार को गिरफ्तार कर लिया है।
Indias-Biggest-Theft-At-Punjab-National-Bank-Counterfeit-Notes-Worth-17-29-Crore-Found-In-The-Bank-Chest-Thieves-Stole-Genuine-Notes-And-Replaced-Them-With-Fakes