चंडीगढ़। विजिलेंस ब्यूरो और इंटेलिजेंस ब्यूरो की तरह पंजाब जेल विभाग की भी अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस अपनी बिल्डिंग होगी। इसमें लोगों को जेल विभाग के सभी दफ्तर एक ही छत के नीचे मिल सकेंगे। इस दिशा में पंजाब सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। यह बिल्डिंग मोहाली के सेक्टर-68 में बनेगी, जिसे 'जेल भवन' के नाम से जाना जाएगा। सरकार ने इस बिल्डिंग के निर्माण और वित्तीय मंजूरी दे दी है। उम्मीद है कि अप्रैल से इस प्रोजेक्ट पर काम शुरू हो जाएगा। सरकार का दावा है कि यह बिल्डिंग दो साल के अंदर बनकर तैयार हो जाएगी।
सालों से किराए के भवन में चल रहा विभाग
पंजाब जेल विभाग अपने आप में एक बड़ा और महत्वपूर्ण विभाग है। इसकी कमान एडीजीपी रैंक के वरिष्ठ अधिकारी को सौंपी जाती है। पंजाब में करीब 27 जेल हैं, जिनमें तीस हजार से ज्यादा कैदी बंद हैं। कैदियों की नई जिंदगी शुरू करने के लिए जेल विभाग की ओर से कई तरह के प्रोजेक्ट और ट्रेनिंग प्रोग्राम चलाए जाते हैं। फिलहाल इस विभाग के पास अपना भवन नहीं था और यह चंडीगढ़ के सेक्टर-17 में किराए के भवन में चल रहा था। इस कारण प्रबंधन के काम में कई तरह की दिक्कतें आ रही थीं। जब यह विभाग सीएम भगवंत मान के पास था, उस समय भी यह मुद्दा उठा था। जगह की कमी को देखते हुए अब सरकार ने इस दिशा में बड़ा कदम उठाया है, ताकि विभाग को अपना स्थायी भवन मिल सके।
इस दफ्तर बनने से यह फायदा होगा
कैदियों की निगरानी - इस इमारत में एक कंट्रोल रूम स्थापित किया जाएगा, जिससे सभी जेलों में लगे कैमरों से निगरानी की जा सकेगी।
उत्पादों की मार्केटिंग - जेलों में कैदियों द्वारा तैयार किए गए उत्पादों की बेहतर मार्केटिंग संभव होगी।
कानूनी प्रक्रियाओं में सुधार - कैदियों की सुनवाई, जमानत और अपील से जुड़े मामलों को और बेहतर तरीके से संभाला जा सकेगा।
पुनर्वास योजनाएं: सजा पूरी करने के बाद कैदियों को सामाजिक जीवन में पुनः स्थापित करने में यह भवन अहम भूमिका निभाएगा।
Punjab-Jail-Department-Will-Get-A-Modern-Building-The-Department-Has-Been-Running-In-A-Rented-Building-For-Years-Construction-Will-Be-Done-In-Sector-68-Of-Mohali