अमृतसर। अमृतसर स्थित गोल्डन टेंपल को लगातार तीसरे दिन बम से उड़ाने की धमकी मिली है। यह धमकी शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) की ईमेल पर आई है। ईमेल में दावा किया गया कि पाइपों में RDX भरकर मंदिर के अंदर धमाके किए जाएंगे। हालांकि, सुरक्षा कारणों से मेल में लिखे गए शब्दों को सार्वजनिक नहीं किया गया है। जांच के लिए डॉग और बम स्क्वायड पहुंचा। वहीं, SGPC और अमृतसर पुलिस भी अलर्ट पर है। BSF और पुलिस कमांडो तैनात किए गए हैं। हर आने-जाने वाले पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। इससे पहले, सोमवार और मंगलवार को भी मेल भेजकर गोल्डन टेंपल को उड़ाने की धमकी दी गई थी। SGPC के प्रधान हरजिंदर सिंह धामी ने कहा कि 15 जुलाई को दूसरी ईमेल केरल के सीएम और पूर्व चीफ जस्टिस की फेक आईडी से भेजी गई थी। आज सुबह आसिफ कपूर नाम के ईमेल एड्रेस से ईमेल आई। ये ईमेल सीएम भगवंत मान को भी भेजी गई।
आस्था के केंद्र को टारगेट कर रहे
SGPC के प्रधान हरजिंदर सिंह धामी ने कहा- पिछले लंबे समय से हमारे आस्था के केंद्र गोल्डन टेंपल को टारगेट किया जा रहा। 1984 में श्री दरबार साहिब का बहुत नुकसान हुआ था। गुरुओं द्वारा दिए गए उपदेश कुछ लोगों को अच्छे नहीं लग रहे। 14 जुलाई से लगातार SGPC को धमकी भरी ईमेल आ रही हैं। तुरंत मामले में पुलिस को शामिल किया गया, जिससे पता चल सके कि उक्त घटना के पीछे कौन है।
संगत को कम करनी की कोशिश
धामी ने कहा कि अगर सांसदों और मुख्यमंत्रियों को ऐसे ईमेल भेजे गए तो सरकार ने इस पर अभी तक कोई कार्रवाई क्यों नहीं की। सिख संगत का यह केंद्रीय संस्थान है और ऐसी आस्था के केंद्र की सुरक्षा कैसे दांव पर लगाई जा सकती है। कहीं दरबार साहिब में संगत के आवागमन को कम करने की कोई कोशिश तो नहीं हो रही है। जांच होनी चाहिए कि मामला क्या है और कहीं यह कोई साजिश तो नहीं थी।
Threat-To-Blow-Up-Golden-Temple-For-The-Third-Consecutive-Day-Wrote-Will-Blast-Pipes-By-Filling-Them-With-Rdx-Sent-Email-In-The-Name-Of-Kerala-Cm-Former-Chief-Justice