चंडीगढ़। पंजाब के सीएम भगवंत सिंह मान आज यानी बुधवार को दिल्ली संसद भवन पहुंचे और लोकसभा में मेंबरों से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने लोकसभा स्पीकर और पुराने संसद के साथियों के साथ मुलाकात की। मान ने मुलाकात के बाद कहा कि मैंने आज स्पीकर और संसद के अपने पुराने साथियों से मुलाकात की। मैं यहां एसवाईएल मुद्दे पर जल शक्ति मंत्री और हरियाणा के मुख्यमंत्री से मुलाकात के सिलसिले में आया हूं। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि संसद के मेरे पुरानी साथी मुझे कह रहे हैं कि क्यों आप यहां से चले गए, तुम यहां की रौनक थे। सीएम ने कहा कि कल यानी मंगलवार को SYL को लेकर मेरी केंद्रीय जल शक्ति विभाग के मंत्री सीआर पाटिल और हरियाणा के सीएम नायब सैनी के साथ मीटिंग थी, तो मैं आज दिल्ली में था। पुराने साथी सांसद संजय और अन्य साथियों ने कहा कि आप आज संसद चलें, तो मैं यहां आया हूं।
सीएम बोले- हमारी हरियाणा से कोई लड़ाई नहीं
SYL विवाद पर सीएम भगवंत मान ने कहा कि ये विवाद तब से चल रहा है, जब मेरे पिता दो साल के थे। ये लंबा चलने वाला विवाद है। हमारी हरियाणा के साथ कोई भी लड़ाई नहीं है, मगर इसे खींचा गया। हालात ये हैं कि पानी हमारे पास नहीं है। मगर हम सकारात्मक बात करने की कोशिश कर रहे हैं। अगर सिंध की ट्रीटी रद्द हुई है, तो चिनाब और कश्मीर की नदियों का पानी पंजाब में आएगा।
मैं सुबह उठकर ट्रंप का ट्वीट देखता हूं
सीएम मान ने आगे कहा कि पंजाब में हमारे पास तीन डैम हैं, तीनों डैमो से ये दरिया कनेक्टेड हैं। इससे हमारे पास इतना पानी आ जाएगा कि हम तमिलनाडु क्या, अरब सागर तक पानी ले जाएंगे। मगर जाएगा पंजाब के जरिए ही। मगर मैं तो सिर्फ ये दुआ करता हूं कि कहीं ट्रंप न कोई ट्वीट कर दे कि सिंध ट्रीटी बहाल की जा रही है। क्योंकि हमारी सरकार से तो कोई जवाब ही नहीं आएगा। अगर ट्रंप ने एक बार ट्वीट कर दिया तो पंजाब का काम खराब हो जाएगा। सीएम मान ने कहा- मैं तो सुबह उठते ही ट्रंप का ट्वीट देखता हूं कि कहीं कोई ट्वीट तो नहीं कर दिया। उत्तराखंड में आई त्रासदी को लेकर भी सीएम मान ने संवेदना व्यक्त की।
Punjab-Cm-Bhagwant-Mann-Reached-Lok-Sabha-Said-There-Is-No-Fight-With-Haryana-We-Just-Dont-Have-Water-I-See-Trumps-Tweet-Every-Morning