चंडीगढ़। पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए बीजेपी अब ग्रामीण इलाकों में भी अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश कर रही है। इसके लिए पार्टी केंद्र सरकार की 8 योजनाओं के सहारे गांवों तक पहुंच बना रही है। फाजिल्का जिले के रायपुर गांव में आयोजित एक कैंप में शामिल होने जा रहे बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ को आज पुलिस ने रास्ते में रोक लिया। इसके बाद उन्होंने वहीं धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान पूर्व स्वास्थ्य मंत्री सुरजीत कुमार ज्याणी समेत बड़ी संख्या में बीजेपी नेता मौजूद रहे। बाद में पुलिस ने जाखड़ को हिरासत में ले लिया। उन्होंने पंजाब सरकार को “तानाशाह” करार दिया। वहीं, भाजपा के कार्यकारी प्रधान अश्वनी शर्मा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जाखड़ की गिरफ्तारी की निंदा करते हुए लिखा- "सरफरोशी की तमन्ना अब हमारे दिल में है, देखना है जोर कितना बाजू-ए-क़ातिल में है। उन्होंने आगे लिखा कि मान साहब जोर लगाओ, साम, दाम, दंड, भेद जो मर्जी करो, पर भाजपा का कार्यकर्ता डरने वाला नहीं है। मैं प्रधान सुनील जाखड़ की गिरफ्तारी की निंदा करता हूं। जनता की सेवा जारी रहेगी।"
सीएम के पंजाबी होने पर भी संदेह
जाखड़ ने कहा, “मुझे इस बात पर भी संदेह है कि भगवंत मान सच में पंजाबी हैं? पंजाब में पहले बाहर से आक्रमणकारी आते थे, अब दिल्ली से लुटेरे आए बैठे हैं। चंडीगढ़ में बैठकर कहते हैं कि चुनाव जीतने के लिए साम, दंड, भेद सब करेंगे। अभी तो गिरफ्तारियां हो रही हैं, आगे सिर भी फटेंगे। लोग कहते हैं कि सुनील ने पगड़ी नहीं पहनी। मैं कहता हूं पगड़ी की लाज रख लो।” बीजेपी सीधे लोगों को केंद्र की योजनाओं के लिए सरकार के पोर्टल पर रजिस्टर करवा रही है। इस पर पंजाब की आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार ने आपत्ति जताई है। राज्य सरकार का कहना है कि यह काम राज्य सरकार का है और इससे डेटा लीक होने का खतरा है।
Punjab-Bjp-Chief-Sunil-Jakhar-Detained-Stopped-While-Going-To-Fazilka-Camp-Said-Do-Whatever-You-Want-Bjp-Workers-Are-Not-Going-To-Be-Afraid