पंजाब। जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश के कारण पंजाब के 7 जिले बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। रणजीत सागर डैम और भाखड़ा बांध का जलस्तर बढ़ने से लगातार पानी छोड़ा जा रहा है। इससे रावी, सतलुज और ब्यास नदियों का जलस्तर बढ़ रहा है। ब्यास नदी पर बने चक्की रेलवे पुल के नीचे से मिट्टी धंसने से पठानकोट-जालंधर रेलवे रूट बंद कर दिया गया है। इससे 90 ट्रेनें प्रभावित हुईं। कुछ को पठानकोट-अमृतसर-जालंधर रूट से रवाना किया जा रहा है। बाढ़ की स्थिति को देखते हुए जालंधर, कपूरथला, पठानकोट और गुरदासपुर जिलों के साथ-साथ अमृतसर के अजनाला व रईया ब्लॉक के स्कूलों में आज छुट्टी कर दी गई। फाजिल्का के बाढ़ग्रस्त 20 गांवों के स्कूल अगले आदेश तक बंद हैं। तरनतारन और फिरोजपुर के इलाकों में हरिके हैड वर्क्स से छोड़े गए पानी से बाढ़ जैसे हालात हैं। रणजीत सागर डैम से छोड़े गए पानी की वजह से रावी उफान पर है, जिससे पठानकोट में हालात बिगड़ गए। गुरदासपुर में मकोड़ा पत्तन के 7 गांवों का संपर्क जिला मुख्यालय से टूट गया। प्रशासन ने गुरदासपुर के लिए स्पेशल हेल्पलाइन नंबर जारी किए। भाखड़ा डैम से छोड़े पानी से सतलुज का जलस्तर भी बढ़ता जा रहा है। बाढ़ जैसी स्थिति को देखते हुए शिरोमणि अकाली दल (SAD) ने मोगा में 31 अगस्त को होने वाली रैली को स्थगित कर दिया है। मौसम विभाग ने आज प्रदेश के 9 जिलों के लिए तेज बारिश का अलर्ट जारी किया है।
Big-Crisis-In-Punjab-Due-To-Heavy-Rains-Pathankot-Jalandhar-Railway-Route-Closed-90-Trains-Affected-Floods-In-7-Districts-Dhusi-Dam-Broken