पंजाब। अमेरिका-इजराइल और ईरान की जंग यानी मिडिल ईस्ट की वॉर से पंजाब में प्रीमियम पेट्रोल और कॉमर्शियल डीजल की कीमतें बढ़ गई हैं। इसके बाद लोगों ने डीजल और पेट्रोल को स्टोर करना शुरू कर दिया है। जालंधर में लोग पंप पर डीजल भरवाने के लिए कैन लेकर पहुंचे। यहां 5 से लेकर 20 लीटर तक की कैनियों में लोग डीजल भरवाते दिखे। वहीं, चंडीगढ़ समेत अमृतसर और लुधियाना में हालात अभी सामान्य हैं। पंजाब में डेली 5 लाख लीटर के करीब प्रीमियम पेट्रोल बिकता है। इस हिसाब से दाम बढ़ने के बाद लोगों को 10 लाख रुपए एक्स्ट्रा चुकाने होंगे। दूसरी तरफ कॉमर्शियल डीजल 22 रुपए महंगा होकर 109 रुपए प्रति लीटर हो गया है। एक्सपर्ट का मानना है कि इससे आने वाले दिनों में बस किराया और ट्रक भाड़ा बढ़ने से महंगाई बढ़ सकती है। जालंधर लाडोवाली रोड पर सहकारी पेट्रोल पंप के मैनेजर अमन सिंह ने बताया कि अकेले उनके यहां डेली 300 लीटर के करीब प्रीमियम पेट्रोल की खपत है। अभी सामान्य पेट्रोल की कीमत बढ़ने को लेकर कोई सूचना नहीं है। आने वाले दिनों में इसकी भी कीमतें बढ़ने से इनकार नहीं किया जा सकता। लुधियाना पेट्रोलियम डीलर एसोसिएशन के चेयरमैन व लक्ष्मी पेट्रोल पंप के मालिक अशोक सचदेवा ने कहा कि कॉमर्शियल डीजल के रेट 22 रुपए बढ़ने से सीधा असर ट्रांसपोर्ट सेक्टर पर पड़ेगा। ट्रक यूनियन और बस ऑपरेटरों ने पहले ही किराया बढ़ाने के संकेत दे दिए हैं। गेहूं की कटाई का सीजन नजदीक होने के कारण डीजल की बढ़ती मांग और कीमतें किसानों के लिए भी चिंता बन सकती हैं। हालांकि, अभी रिटेल पंपों पर डीजल का रेट 87 रुपए ही है।
हमारा पहला उदेश्य आप तक सबसे पहले और सही खबर पहुंचाना। हमारे आसपास क्या हो रहा है, इसके बारे में आपकी नॉलेज को दुरुस्त करना। वहीं समाज की बुराईयों व गलत गतिविधियों संबंधी आगाह करना भी हमारे लक्ष्य में हैं।
Yashpal Sharma (Editor)