अंबेडकर प्रतिमा अपमान मामले में जालंधर-होशियारपुर बंद, बाजार-शराब ठेके बंद कराए, जाम में फंसी एंबुलेंस
Sep10,2026
| Enews Team | Punjab
लुधियाना। लुधियाना में जूतों की माला से संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के अपमान के विरोध में दलित समाज की ओर से आज (10 सितंबर) जालंधर और होशियारपुर बंद किया गया है। जालंधर में सुबह से बाजारों की ज्यादातर दुकानें बंद हैं। बैंक भी बंद हैं। वहीं होशियारपुर में प्रदर्शनकारियों ने बाजार बंद कराए हैं। प्रदर्शनकारी वाल्मीकि चौक एक जुट हुए। यहां से रैली निकालकर डॉ. भीमराव अंबेडकर चौक तक पहुंचे और खुली हुई दुकानें बंद करवाईं। प्रदर्शन के ज्योति चौक पर एक एंबुलेंस भी फंस गई। हालांकि कुछ देर बाद उसे निकाल दिया गया। कंपनी बाग चौक के पास प्रदर्शनकारियों ने शराब का ठेका बंद कराया। भगवान वाल्मीकि शक्ति क्रांति सेना पंजाब के अध्यक्ष राजीव गोरा और भीम क्रांति सेना के अध्यक्ष गौरव वाल्मीकि ने कहा कि शाम 5 बजे बंद रहेगा। इस दौरान लोगों की परेशानी को देखते हुए हाईवे जाम नहीं किया गया। मेडिकल स्टोर और अस्पताल जैसी इमरजेंसी सेवाएं खुली रखने की छूट दी गई। बच्चों की परीक्षाओं को देखते हुए स्कूल-कॉलेज भी बंद नहीं करवाए गए। इधर, लुधियाना में पुलिस लाइन में पुलिस कमिश्नर स्वप्न शर्मा ने दलित समाज के साथ बैठक की। जिसमें समाज के लोगों ने कहा कि आरोपियों को एक सप्ताह में गिरफ्तार किया जाए, नहीं तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा। वहीं अब बसपा के वर्कर भी लुधियाना में भारत नगर चौक पर धरना लगाकर बैठ गए हैं।
Jalandhar-Hoshiarpur-Shut-Down-Over-Ambedkar-Statue-Desecration-Incident-Markets-And-Liquor-Shops-Forced-To-Close-Ambulance-Stuck-In-Traffic-Jam