जगराओं। जगराओं में संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर रविवार को अनाज मंडियों में धान की बेकर्दी के खिलाफ लुधियाना फिरोजपुर रोड पर नानकसर के नजदीक तीन घंटे का विशाल धरना लगाया जा रहा है। किसानों और शेलर मालिकों ने प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए हाईवे जाम कर दिया। धरने में भारतीय किसान यूनियन एकता डकौदा, भारतीय किसान यूनियन लाखोवाल, जम्हूरी किसान सभा, आढ़ती एसोसिएशन जगराओं, मुनीम यूनियन, गल्ला मजदूर यूनियन और शेलर ऑनर एसोसिएशन के प्रतिनिधि भी धरने में शामिल हुए । किसान नेता जगतार सिंह देहडाका, जोगिंदर सिंह मलसीहां (लाखोवाल), गरमेल सिंह रूमी, गल्ला मजदूर यूनियन के नेता कंवलजीत खन्ना, देव राज, कुलदीप सिंह सहोता, अमरनाथ कल्याण, आढ़तियां एसोसिएशन के अध्यक्ष कन्हैया गुप्ता बांका अध्यक्ष राज कुमार भल्ला, जतिंदर सिंह चचरी, जगजीत सिंह सिद्धू, अंकुर गुप्ता आदि ने अपने संबोधन में भगवंत मान सरकार को अपने समय की सबसे अयोग्य सरकार करार दिया और कहा कि पहले भी मंड़ियों में कई समस्याएं थीं, लेकिन हकीकत यह है कि 12 दिन बीत जाने के बावजूद धान की खरीद शुरू नहीं हुई है।
शेलरों को खाली नहीं कर रही सरकार
उन्होंने कहा कि मोदी और मान एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। शेलर मालिक 6 महीनों से शेलरों में पिछले सीजन का चावल उठाने और शेलरों को खाली करने की मांग कर रहे हैं, लेकिन सरकार शेलर मालिकों की मांग को अनसुना कर रही है। अब स्थिति यह हो गई है कि बाजारों में धान का भाव नहीं लग रहा है। शेलरों से धान खाली नहीं हो रही है और मंडियों से नया धान उठाया नहीं जा रहा है। इंद्रजीत सिंह धालीवाल, तरसेम सिंह बासुवाल, रछपाल सिंह डल्ला, भूषण देव, गुरुमीत सिंह आदि समेत कई गांवों के किसान धरने में शामिल रहे।
Farmers-Blocked-Ludhiana-Firozpur-Highway-Sheller-Owners-Raised-Slogans-Accused-Of-Not-Lifting-Paddy-In-The-Mandis