चंडीगढ़। चंडीगढ़ में मेयर चुनाव को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया है। इंडिया गठबंधन की घटक पार्टियों कांग्रेस और आम आदमी पार्टी ने अपने पार्षदों को बीजेपी द्वारा तोड़े जाने के डर से सुरक्षित स्थानों पर भेज दिया है। कांग्रेस के पार्षद लुधियाना में डेरा डाले हुए हैं, जबकि आप के पार्षदों को रोपड़ भेजा गया है। 30 जनवरी को होने वाले मेयर चुनाव में मुख्य मुकाबला आम आदमी पार्टी की प्रेमलता और बीजेपी की हरप्रीत कौर बबला के बीच होगा। सीनियर डिप्टी मेयर पद के लिए कांग्रेस के जसबीर सिंह बंटी और बीजेपी की बिमला दुबे चुनाव मैदान में हैं। डिप्टी मेयर पद पर कांग्रेस की तरुणा मेहता और बीजेपी के लखबीर बिल्लू आमने-सामने हैं।
इंडिया गठबंधन सतर्क हुआ
इस चुनाव को लेकर तनाव तब और बढ़ गया, जब कांग्रेस नेता गुरबख्श रावत ने बीजेपी का दामन थाम लिया। इस घटनाक्रम ने इंडिया गठबंधन को सतर्क कर दिया है। हालांकि गठबंधन के पास बहुमत है, लेकिन बीजेपी का दावा है कि वह मेयर पद जीतेगी। इसी कारण दोनों दल अपने-अपने पार्षदों को सुरक्षित रखने की कोशिश में जुटे हैं। यह चुनाव न केवल चंडीगढ़ की स्थानीय राजनीति के लिए महत्वपूर्ण है, बल्कि यह इंडिया गठबंधन और बीजेपी के बीच ताकत की परीक्षा भी है। शहर के विकास और प्रशासन का भविष्य इस चुनाव के नतीजों पर निर्भर करेगा। चंडीगढ़वासी बेसब्री से 30 जनवरी का इंतजार कर रहे हैं, जब यह स्पष्ट होगा कि शहर की कमान किसके हाथों में जाएगी।
Danger-Of-Horse-Trading-In-Chandigarh-Mayor-Elections-Congress-Aap-Sent-Councilors-To-Safe-Places-Voting-Will-Be-Held-On-30th