लुधियाना | युवक से परेशान होकर कक्षा 10वीं की छात्रा और उसके पिता ने जहर खा लिया। गंभीर हालत में पिता-पुत्री को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। थाना जोधेवाल बस्ती की पुलिस ने अस्पताल में पिता-पुत्री के बयान दर्ज किए हैं। मामला जालंधर बाईपास काली सड़क इलाके का है। लड़की के पिता ने बताया कि युवक उसकी बेटी को स्कूल आते-जाते परेशान करता है। परिवार को बदनाम करने की धमकी देता है। इसी से परेशान होकर उन्होंने यह कदम उठाया।
अस्पताल में भर्ती 16 वर्षीय छात्रा नितिका ने बताया कि वह शहर के एक स्कूल में कक्षा 10 में पढ़ाई करती है। युवक विक्रांत उसे काफी समय से तंग कर रहा था। वह उससे जबरन शादी का दबाव बना रहा था। फोन नहीं उठाने पर धमकी देता था। उसके पिता सोनू ने भी युवक को कई बार डांटा, लेकिन वह नहीं माना। वह बेहद परेशान हो चुकी थी। इसलिए उसने जान देने की कोशिश की।।
पीड़िता ने आगे बताया कि आरोपी युवक विक्रांत उसके भाई और पिता को भी जान से मारने की धमकी भी देता था। परिवार ने शनिवार को थाना बस्ती जोधेवाल में युवक विक्रांत के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके बावजूद सोमवार को भी युवक ने उन्हें परेशान किया। युवक की इस करतूत से परिवार बेहद परेशान है। मामले की जांच कर रहे पुलिस अधिकारी करमजीत सिंह का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जांच के बाद कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आरोपी को भी पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
Father-And-Daughter-Consumed-Poison-The-Young-Man-Kept-Forcing-Them-To-Marry-Harassed-Them-While-Going-To-And-Coming-From-School