पंजाब। पंजाब के पूर्व कैबिनेट मंत्री व बीजेपी के वरिष्ठ नेता मनोरंजन कालिया के घर बीती रात आतंकी हमला हुआ। यह हमला जालंधर के सबसे प्रमुख शास्त्री मार्केट चौक के पास रात करीब 2 बजे हुआ। बड़ी बात यह है कि जिस जगह पर यह हमला हुआ, वहां से 50 मीटर दूर पीसीआर टीम 24 घंटे तैनात रहती है और महज 100 मीटर दूर पुलिस स्टेशन डिवीजन नंबर-3 भी है। इसके बाद भी 3 युवक पूर्व मंत्री के घर में हैंड-ग्रेनेड फेंक कर भाग गए। ई-रिक्शे में बैठकर आए कुछ लोगों ने उनके घर में ग्रेनेड फेंका, जिससे तेज धमाका हुआ। हमले के वक्त पूर्व मंत्री अपने घर में सो रहे थे। उनके साथ परिवार के अन्य सदस्य भी घर में ही थे। ये सारा घटनाक्रम उनके घर के बाहर लगे CCTV में कैद हुआ है। जालंधर पुलिस ने 12 घंटे में ग्रेनेड फेंकने वाले 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान रविंदर कुमार निवासी सुभाना रोड, गढ़ा (जालंधर) और सतीश उर्फ काका उर्फ लक्का निवासी भार्गव कैंप (जालंधर) के रूप में हुई है। पुलिस ने ई-रिक्शे को भी बरामद कर लिया है।
पंजाब के लॉ एंड ऑर्डर DGP अर्पित शुक्ला ने मंगलवार को चंडीगढ़ में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI ने हमला करवाया। इसमें पाकिस्तान में बैठे डॉन शहजाद भट्ठी, जीशान अख्तर और लॉरेंस गैंग का भी लिंक सामने आया है।
जानकारी के अनुसार, पूर्व मंत्री कालिया के पास पंजाब पुलिस की सुरक्षा है। उन्हें पंजाब सरकार ने 4 गनमैन अलॉट किए हैं। कालिया के सुरक्षा इंचार्ज निशान सिंह हैं, जोकि हमले के तुरंत बाद बाहर आ गए थे।
Grenade-Attack-On-Former-Ministers-House-In-Punjab-Attackers-Arrested-Dgp-Says-Isi-From-Pakistan-Carried-Out-The-Attack-Lawrence-Gang-Connection-Revealed