लुधियाना। लुधियाना में चंडीगढ़ नंबर की ऑडी गाड़ी का कहर देखने को मिला है। भामियां रोड स्थित जीके एस्टेट के बाहर एक तेज रफ्तार ऑडी कार ने 4 लोगों को कुचल दिया। हादसे में एक शख्स की मौत हो गई, जबकि 3 अन्य घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें से 2 घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है। मृतक की पहचान प्रेम शाह के रुप में हुई है, जो इलाके में ही कुलचे चने बेचने का काम करता था। हादसे के बाद कार ड्राइवर ने भागने की कोशिश की, लेकिन लोगों ने उसे पकड़ लिया। मगर, इसी दौरान एक स्विफ्ट कार में सवार युवक वहां आया और ऑडी कार सवार को अपने साथ बैठाकर ले गया। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। उधर, पुलिस सूचना के एक घंटे बाद मौके पर पहुंची और ऑडी कार को कब्जे में ले लिया। पुलिस अब गाड़ी के नंबर के आधार पर युवक का पता लगाने में जुटी है।
हादसे के बाद की कार भगाने की कोशिश, आगे जाकर रुकी
सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहा है कि एक सफेद रंग की ऑडी कार सवार युवक सामने से आ रहे ट्रक से बराबर से निकल कर रेहड़ी वाले को टक्कर मार देता है। रेहड़ी के पास ही स्कूटी सवार दो लोग भी जा रहे थे। कार सवार उन्हें भी टक्कर मारते हुए निकल जाता है। रेहड़ी के पास खड़ा एक अन्य युवक भी कार की चपेट में आ जाता है। तेज रफ्तार कार की टक्कर लगते ही रेहड़ी और उस पर रखा सामान दूर तक बिखर गया। टक्कर मारने के बाद भी कार सवार रुका नहीं और तेज रफ्तार से भागता चला गया। मगर, कुछ दूर आगे जाने के बाद उसकी कार रुक गई।
Chandigarhs-Audi-Wreaks-Havoc-In-Ludhiana-Crushes-4-People-Due-To-Overspeed-One-Dead-3-In-Critical-Condition-Driver-Flees-In-Another-Car