लुधियाना। पंजाब के लुधियाना के साहनेवाल में युवा कांग्रेस नेता अनुज के भाई की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह घटना सोमवार देर रात 11 बजे की है। अमित गांव नंदपुर सुए के पास अहाता चलाता था। अहाते पर शराब पीने आए अज्ञात हमलावरों के साथ खाने-पीने के बिल को लेकर कहासुनी के बाद आरोपियों ने अमित को गोली मार दी। आरोपियों ने शराब पीने के बाद 100 रुपये बिल को लेकर विवाद किया और अमित को गोली मारकर फरार हो गए। अहाते में काम करने वाले कारीगर ने तुरंत इसकी जानकारी कांग्रेस नेता अनुज को दी। वह मौके पर पहुंचे और भाई को निजी अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों ने अमित को मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही थाना साहनेवाल की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने फोरेंसिक एक्सपर्ट के साथ डॉग स्क्वायड की टीमें बुलाई और वहां से सबूत इकट्ठा किए। हमलावर कौन थे इसका पता लगाने में पुलिस जुटी हुई है। पुलिस ने फिलहाल अनुज की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों का पता लगने में जुटी है। साहनेवाल हलके से यूथ कांग्रेस के सचिव अनुज कुमार ने बताया कि उसका भाई अमित अहाता चलाता था। वह देर रात को अहाते पर ही मौजूद था। उसके पास तीन युवक शराब पीने आए, अमित बाहर खड़ा था और वर्करों ने युवकों को खाने-पीने के लिए सामान दिया। बाद में बिल मांगा गया तो युवक आनाकानी करने लगे। इसके बाद अमित ने उन्हें कहा कि खाया है तो पैसे देने ही पड़ेंगे। इस पर आरोपी युवक भड़क गए और अमित से बहस करने लगे। तभी उनमें से एक युवक बंदूक निकाली और अमित की छाती पर गोली मार दी। गोली लगने से वह गिर पड़ा और आरोपी वहां से फरार हो गए।
Youth-Congress-Leaders-Brother-Murdered-Shot-In-The-Chest-For-Rs-100-Amit-Was-The-Father-Of-Two-Children