पंजाब। रिश्वत केस में पकड़े पंजाब के डीआईजी हरचरण सिंह भुल्लर के लुधियाना के माछीवाड़ा स्थित फार्म हाउस में आज सीबीआई पहुंची है। मंड शेरिया गांव में बने फार्म हाउस में दोपहर साढ़े 12 बजे से टीम जांच कर रही है। फार्म हाउस के साथ खेत हैं, यहां भी टीम पहुंची है। यहीं डीआईजी की 55 एकड़ जमीन है। जानकारी के मुताबिक फार्म हाउस में से सामान पहले ही निकाल दिया गया था। सीबीआई उन लोगों को भी ट्रेस करेगी, जो डीआईजी की गिरफ्तारी के बाद इस फार्म हाउस में आए थे। जमीन में सिंचाई के लिए 2 ट्रांसफार्मर लगवाए हैं। बताया जा रहा है कि अपने रसूख से 2 ट्रांसफार्मर अलग-अलग फीडर से जोड़े हैं, ताकि एक ट्रांसफार्मर से 8 घंटे और दूसरे से अगले 8 घंटे बिजली सप्लाई मिल सके। इससे पहले गुरुवार को टीम चंडीगढ़ के सेक्टर 40 स्थित भुल्लर की कोठी में पहुंची थी। घर की हर चीज की वीडियोग्राफी करवाई गई। हर चीज की सूची बनाकर उसकी कीमत निकाली जाएगी। इसमें AC से लेकर गमले और बिजली बल्ब तक शामिल हैं। ये रेड करीब 9 घंटे तक चली। सीबीआई ने परिवार के सदस्यों से पूछे गए सवालों को लैपटाप में टाइप कर वीडियोग्राफी भी की। परिजनों से उनके बयानों को साइन भी कराया गया। चर्चा है कि करीब 2 घंटे तक सवाल-जवाब का सिलसिला चलता रहा। 16 अक्टूबर को डीआईजी भुल्लर और उनके बिचौलिए कृष्नु को गिरफ्तार किया गया था। दोनों 31 अक्टूबर तक न्यायिक हिरासत में हैं।
Cbi-Raids-Dig-Bhullars-Farmhouse-In-Ludhiana-Investigating-Land-And-Farms