लुधियाना। लुधियाना के खन्ना में एक कबड्डी प्लेयर (23) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। चार नकाबपोश हमलावर बाइक पर आए और बिना किसी कहासुनी के गोलियां चलाकर मौके से फरार हो गए। इस हमले में कबड्डी प्लेयर का साथी भी गंभीर रूप से घायल हुआ है। गोलीबारी की आवाज सुनकर लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों एसपी (डी) खन्ना पवनजीत और डीएसपी मोहित कुमार सिंगला ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। मौके से कई खाली कारतूस बरामद किए गए हैं और सीसीटीवी फुटेज में हमलावरों की तस्वीरें कैद हुई हैं। पुलिस के अनुसार, हत्या के कारणों की जांच विभिन्न पहलुओं से की जा रही है। गुरविंदर सिंह जिला स्तरीय कबड्डी टूर्नामेंटों में खेलता था और गांव में उसकी काफी लोकप्रियता थी।
लंगर की तैयारी कर रहे थे
घटना रविवार देर रात लुधियाना के समराला के मानकी गांव में हुई, जहां चार नकाबपोश हमलावरों ने बाइक पर सवार होकर अचानक तीन युवकों पर गोलियां बरसा दीं। तीनों युवक गांव में नगर कीर्तन से पहले रास्ते की सफाई और लंगर की तैयारी कर रहे थे। फायरिंग इतनी तेज थी कि मौके पर भगदड़ मच गई। तीनों में से दो युवकों- गुरविंदर सिंह और धर्मवीर को गोलियां लगीं, जबकि तीसरा युवक लवप्रीत बाल-बाल बच गया। गंभीर रूप से घायल गुरविंदर और धर्मवीर को तुरंत समराला सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें चंडीगढ़ पीजीआई रेफर कर दिया गया। रास्ते में ही 23 वर्षीय गुरविंदर सिंह ने दम तोड़ दिया, जबकि धर्मवीर का इलाज जारी है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस रात में ही मौके पर पहुंची और घटनास्थल से कई गोलियों के खोल बरामद किए।
Breaking-News-Another-Kabaddi-Player-Shot-Dead-In-Ludhiana-Four-Attackers-Arrived-On-A-Bike-Fired-Shots-And-Fled-He-Was-Preparing-For-A-Nagar-Kirtan