पंजाब। पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड (PSEB) के जाली सर्टिफिकेट से सरकारी नौकरी हासिल करने का मामला सामने आया है। नौकरी फॉरेस्ट विभाग में हासिल की गई थी। इसका खुलासा तब हुआ, जब सर्टिफिकेट जांच के लिए PSEB में पहुंचा था। जांच में पता चला कि ऐसा कोई भी विद्यार्थी उस परीक्षा में उपस्थित नहीं हुआ था। इसके बाद बोर्ड ने उक्त व्यक्ति को अपने रिकॉर्ड में ब्लैकलिस्ट कर दिया है। विभाग को इसकी जानकारी भेज दी गई है। अब विभाग द्वारा उक्त व्यक्ति के खिलाफ FIR दर्ज करवाई जाएगी। वन मंडल अधिकारी, मुक्तसर साहिब के दफ्तर से एक सर्टिफिकेट जांच के लिए भेजा गया था। यह चमकौर सिंह नाम के व्यक्ति के नाम पर था। सर्टिफिकेट 2010 का बना हुआ था और यह बठिंडा जिले का था। जब यह सर्टिफिकेट जांच के लिए पहुंचा तो इसकी वेरिफिकेशन शाखा में पड़ताल शुरू हुई। इस दौरान पता चला कि सर्टिफिकेट में जो रोल नंबर लिखा था, वह चमकौर सिंह नाम के व्यक्ति के नाम पर नहीं था। रिकॉर्ड में विद्यार्थी का नाम सुखदेव कुमार लिखा हुआ था। जांच में सामने आया कि चमकौर सिंह के सर्टिफिकेट पर जन्मतिथि/उम्र 25-5-77 लिखी हुई थी, जबकि रिकॉर्ड में सुखदेव का जन्म वर्ष 1986 दर्ज था। इससे स्पष्ट हो गया कि यह सर्टिफिकेट जाली है।
Punjab-Government-Job-Obtained-Using-Fake-Certificates-Pseb-Verification-Reveals-Discrepancy-In-Records