पंजाब। गुरदासपुर में जेल के गार्ड ने अपनी पत्नी और सास की गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी एक सरकारी क्वार्टर में जाकर छिप गया। जब पुलिस वहां पहुंची तो पुलिस को धमकाते हुए कहा कि वह खुद को गोली मार लेगा। पुलिस ने उसे करीब एक घंटे तक समझाने की कोशिश की, लेकिन गार्ड ने सरेंडर करने के बजाय खुद को गोली मारकर सुसाइड कर लिया। एसएसपी आदित्य ने कहा हमारी कई टीमें मौके पर पहुंचीं। टीमों ने सारे इलाके की घेराबंदी कर दी। मामले की हम पूरी जांच कर रहे हैं। वहीं इस मामले की अब एक CCTV फुटेज सामने आई है। जिसमें गार्ड AK47 से गोलियां चला रहा है और पत्नी व सास कमरे के भीतर बचने की कोशिश कर रही हैं। हालांकि वह गोलियां से बच नहीं पाईं।
घरेलू विवाद के कारण वारदात
गुरदासपुर के गांव गुत्थी में यह वारदात एक घरेलू विवाद से शुरू हुई। आरोपी की पहचान केंद्रीय जेल गुरदासपुर के गार्ड गुरप्रीत के रूप में हुई है। गुरप्रीत सिंह केंद्रीय जेल गुरदासपुर में निजी कंपनी पेसको के गार्ड के तौर पर तैनात था। वह अपनी सरकारी एके-47 राइफल लेकर घर पहुंचा। रात करीब 3 बजे उसने अपनी पत्नी अकविंद्र कौर और सास गुरजीत कौर पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद गुरप्रीत घटनास्थल से निकलकर गुरदासपुर की 7 नंबर स्कीम के सरकारी क्वार्टरों में जाकर छिप गया।
राइफल से खुद को गोली मार ली
पुलिस को सूचना मिली तो टीम मौके पर पहुंची और पूरी इमारत को घेर लिया। पुलिस ने उसे आवाज देकर सरेंडर करने के लिए कहा और करीब एक घंटे तक लगातार समझाने की कोशिश जारी रखी। गुरप्रीत अपने फैसले पर अडिग रहा। उसने पुलिस की अपील ठुकराते हुए अपनी राइफल से खुद को गोली मार ली और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। परिवार के मुताबिक, गुरप्रीत और उसकी पत्नी के बीच लंबे समय से घरेलू तनाव चल रहा था। उसकी साली परमिंदर कौर ने भी बताया कि 2016 में हुई शादी के बाद से अक्सर झगड़े हो जाते थे, जिसे इस घटना की मुख्य वजह माना जा रहा है।
Jail-Guard-Kills-Wife-And-Mother-In-Law-With-Ak-47-Shoots-Himself-When-Asked-To-Surrender