यशपाल शर्मा, लुधियाना लुधियाना के पक्खोवाल रोड स्थित बाठ कैसल मैरिज पैलेस में शनिवार देर रात शादी समारोह में दो गुटों के बीच ताबड़तोड़ गोलियां चलने का मामला सामने आया है। इस गोलाबारी में दो की मौत हो गई। मरने वालों में दूल्हे की मासी नीतू और एक दोस्त जिसका नाम वासु बताया जा रहा है। बताया जाता है कि यह गोलाबारी शुभम मोटा गैंग और अंकुर गैंग के बीच में हुई। जिनमें पहले से रंजिश बताई जा रही है। बताया जाता है कि दुल्हन की एंट्री से ठीक पहले यह पूरा वाक्या सामने आया। इस दौरान मैरिज पैलेस में 700 से 800 लोग मौजूद थे और हल्का नॉर्थ के विधायक मदनलाल बग्गा भी वहीं मौजूद थे। जानकारी मुताबिक मौके पर दोनों गुटों के बीच 25 से 30 राउंड फायरिंग हुई और फायरिंग होते ही मैरिज पैलेस में भगदड़ का माहौल पैदा हो गया। खुद दूल्हे ने भी छुपकर अपनी जान बचाई। ताबड़तोड़ चली इस गोलियों में एक गैंग के सरगना अंकुर के घायल होने की सूचना है और उसे इलाज के लिए अस्पताल भर्ती करवाया। अंकुर के हाथ में गोली लगी बताई जा रही है। पुलिस की ओर से इस मामले में दोनों गैंग के आठ लोगों के अलावा इस शादी समारोह का न्योता देने वालों और बाठ कैसल मैरिज पैलेस की मैनेजमेंट के कुछ सदस्यों पर भी एफआईआर दर्ज की है। इस बारे में लुधियाना के पुलिस कमिश्नर स्वप्न शर्मा ने साफ किया कि किसी भी मैरिज पैलेस में हथियारों के साथ एंट्री नहीं की जा सकती और धारा 144 लागू है । इसके बावजूद शादी समारोह में ऐसी वारदात होने में आयोजक और मैरिज पैलेस की मैनेजमेंट की जिम्मेदारी तय की जाएगी और उन पर भी एक्शन लिया जाएगा। उन्होंने बताया एक घायल अंकुर को अस्पताल में भर्ती किया गया है।
Two-Groups-Exchanged-Fire-During-A-Wedding-Ceremony-At-Bath-Castle-Marriage-Palace-Leaving-Two-Dead-And-18-People-Injured