लुधियाना। लुधियाना पुलिस कमिश्नर की रिहायश के पास एक शोरूम का शटर उखाड़कर चोर लाखों रुपए की आर्टिफिशियल फैंसी ज्वेलरी चोरी कर ले गए। चोर एक टैब, एक मोबाइल फोन और CCTV का DVR बॉक्स भी साथ ले गए। शोरूम संचालिका मैडम चेतना के अनुसार, वह सोमवार रात करीब 9 बजे दुकान बंद कर घर गई थीं। सुबह पड़ोसी ने फोन कर बताया कि शोरूम का शटर उखड़ा पड़ा है। सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचीं तो अंदर का नजारा देखकर हैरान रह गईं, सारा सामान बिखरा हुआ था और ज्वेलरी के खाली डिब्बे बाहर तक पड़े थे। घटना की जानकारी मिलते ही थाना डिवीजन नंबर-8 की पुलिस मौके पर पहुंची और हालात की जांच की। मैडम चेतना ने थाने में चोरी की लिखित शिकायत दर्ज करवाई है। उन्होंने पुलिस से जल्द कार्रवाई कर चोरों को पकड़ने और चोरी हुआ सामान बरामद करने की मांग की।
Theft-At-Showroom-Near-Ludhiana-Police-Commissioners-Residence-Miscreants-Steal-Goods-Worth-Lakhs