मोहाली। मोहाली में कत्ल किए गए कबड्डी प्लेयर के मर्डर की प्लानिंग रूस में हुई। इसके बाद मास्टरमाइंड भारत आया। शूटर्स को हथियार और दूसरा लॉजिस्टिक सपोर्ट उपलब्ध कराया। जिसके बाद मोहाली में चलते टूर्नामेंट में राणा बलाचौरिया की हत्या कर दी गई। पुलिस की जांच में एक और बड़ा खुलासा हुआ है कि राणा बलाचौरिया ने बंबीहा गैंग के गैंगस्टरों का फोन नहीं उठाया था, यह फोन आर्मेनिया बैठे लक्की पटियाल या उसके साथी डोनी बल ने किया था, इसकी पुलिस जांच कर रही है। इसी से गुस्साए गैंगस्टरों ने उसकी हत्या की साजिश रच डाली। पुलिस जांच में यह भी पता चला कि मर्डर से लेकर हाइडआउट यानी कत्ल के बाद सबके छुपने के लिए परफेक्ट प्लानिंग की गई थी। अगर मास्टरमाइंड न पकड़ा जाता तो पुलिस को कातिलों को पकड़ने में समय लग सकता था। हालांकि मोहाली पुलिस ने विदेश फरार हो रहे मास्टरमाइंड को दबोच लिया तो सारा मामला खुलकर सामने आ गया।
कबड्डी का सीजन, गैंगस्टर रुपया इकट्ठा करते हैं
मोहाली पुलिस की जांच में पता चला कि यह सीजन कबड्डी का है। इस दौरान कई जगहों पर कबड्डी के टूर्नामेंट होते हैं। इनमें गैंगस्टर मोटी फिरौती इकट्ठा करते हैं। यह फिरौती सिर्फ धमकी देकर ही नहीं बल्कि किसी टीम को टूर्नामेंट में खिलाने या फिर खेलने से रोकने के नाम पर भी ली जाती है। मोहाली पुलिस की जांच में पता चला कि सोहाना कबड्डी टूर्नामेंट में राणा बलाचौरिया की शकरपुर टीम भी खेल रही थी। बंबीहा गैंग चाहता था कि उसकी टीम इस टूर्नामेंट में न खेले। राणा की कबड्डी सबसे स्ट्रॉन्ग थी।
गैंगस्टरों ने कॉल किए, राणा ने रिसीव नहीं किया
मोहाली पुलिस की जांच के मुताबिक बंबीहा गैंग ने राणा बलाचौरिया को इस टूर्नामेंट से बाहर रखने की कोशिश की। उसके मोबाइल पर कॉल की गईं ताकि सीधे उसे धमकी देकर रोका जा सके। इसी दौरान बलाचौरिया अपनी शादी और रिसेप्शन में व्यस्त था। इसी वजह से फिर उसकी टीम के जरिए धमकी दी गई। मगर, राणा ने ज्यादा भाव नहीं दिया। राणा बलाचौरिया ने बात नहीं मानी तो फिर बंबीहा गैंग ने मास्टरमाइंड एशदीप को रूस से इंडिया भेजा। एशदीप 25 नवंबर को इंडिया पहुंचा। पंजाब पहुंचने के बाद कत्ल की प्लानिंग शुरू कर दी। शूटर्स आदित्य कपूर उर्फ मक्खन और करन पाठक को हायर किया। टूर्नामेंट में रेकी के लिए ग्राउंड सपोर्ट तैयार किया। हथियारों का इंतजाम किया। इसके बाद उनके छुपने का भी इंतजाम किया। शूटरों के लिए ठिकाना ढूंढा। रेकी करने वाले परमिंदर को विदेश ले जाने की तैयारी की।
Kabaddi-Promoter-Murder-Case-Planning-In-Russia-Murder-In-Mohali-Gangsters-Angered-By-Calls-To-Kabaddi-Player-Balachauriya-Perfect-Planning-From-Murder-To-Hideout