पंजाब। चंडीगढ़ में एक बार फिर बम ब्लास्ट की धमकी के बाद हड़कंप मच गया। इस बार चंडीगढ़ के पोस्ट ऑफिस और पासपोर्ट दफ्तर को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। इससे संबंधित ईमेल पासपोर्ट और पोस्ट ऑफिस की ईमेल पर प्राप्त हुई। ईमेल में 12 जहरीले बम धमाकों की बात कही गई है। सोमवार दोपहर जब इसकी जानकारी पुलिस को दी गई तो पुलिस ने सभी दफ्तरों को खाली करवा दिया। इसके बाद वहां सर्च ऑपरेशन चलाया। ऑपरेशन में बम व डॉग स्क्वॉयड और फॉरेंसिक टीम की मदद ली गई। इस दौरान दफ्तरों में लोगों की आवाजाही बंद रही। करीब डेढ़ घंटे चली सर्चिंग के बाद कामकाज बहाल किया गया। पुलिस ने पुष्टि की है कि इस दौरान कोई विस्फोटक बरामद नहीं हुआ। हालांकि, इसके बाद भी पुलिस अलर्ट पर है। चंडीगढ़ के सेक्टर-34 थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सतिंदर सिंह ने बताया कि धमकी भरी ईमेल रविवार, 1 मार्च की देर रात 11 बजकर 46 मिनट पर प्राप्त हुई। इसे aarna_ashwinshekhar@outlook.com ईमेल एड्रेस से भेजा गया और ईमेल चंडीगढ़ प्रशासन, पासपोर्ट और पोस्ट ऑफिस की ईमेल पर आई है। ईमेल भेजने वाले ने अपना नाम आरना अश्विन शेखर बताया है। इसके सब्जेक्ट में लिखा है- आपके शहर के सभी पासपोर्ट/पोस्ट ऑफिस में 12 जहरीले गैस बम ब्लास्ट होंगे। उदयनिधि ने रेप और छेड़छाड़ की है, चेन्नई पुलिस मेरी एफआईआर दर्ज नहीं कर रही है।
पुलिस ने सभी दफ्तर खंगाले, डॉग स्क्वॉयड की मदद ली
थाना प्रभारी का कहना है कि रविवार रात को ईमेल मिलने के बाद सोमवार को जब दफ्तर खुले, उसके बाद ईमेल की जानकारी अफसरों को हुई। उन्होंने इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी। दोपहर 12 बजकर 2 मिनट पर पुलिस को सूचना मिली। इसके बाद पूरे शहर की पुलिस एक्टिव हो गई और सभी दफ्तरों में सर्च अभियान शुरू किया। पुलिस के मुताबिक, सभी पोस्ट ऑफिस और पासपोर्ट ऑफिस में सर्च ऑपरेशन चलाया। पुलिस ने डॉग और बम स्क्वॉयड की भी मदद ली, लेकिन कोई विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई। जब तक बिल्डिंग में सर्च चली, तब तक किसी को अंदर नहीं दिया गया। दोपहर करीब डेढ़ बजे जांच पूरी हुई। इसके बाद पहले की तरह कामकाज शुरू करवाया गया। हालांकि, थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सतिंदर सिंह ने ईमेल में शामिल नामों और उनके चंडीगढ़ कनेक्शन के बारे में कुछ नहीं बताया। उन्होंने कहा कि अभी इस बारे में जांच की जा रही है।
Threat-Of-12-Poisonous-Gas-Bomb-Blasts-In-Chandigarh-Email-Reads-I-Was-Raped-Police-Did-Not-Register-An-Fir-Email-Sent-At-Night-Investigation-Completed-In-The-Morning