लुधियाना। लुधियाना के मोती नगर इलाके में एक निटवियर फैक्ट्री में गैस लीकेज के बाद धमाका होते ही आग लग गई। जिस कारण फैक्ट्री के भीतर सो रहे एक 50 वर्षीय हेल्पर की आग की चपेट में आने से मौत हो गई। धमाका इतना जोरदार था कि कमरे की दीवार तक ढह गई और मृतक को संभलने का मौका तक नहीं मिला। जानकारी के मुताबिक हादसा शनिवार-रविवार की दरमियानी रात करीब 2:30 बजे हुआ। सूर्या निटवियर फैक्ट्री के एक कमरे में गैस रिसाव हो रहा था। रात के वक्त जैसे ही गैस का दबाव बढ़ा अचानक एक जबरदस्त धमाका हुआ। धमाके के साथ ही कमरे में भीषण आग लग गई। आसपास के लोगों ने बताया कि आवाज इतनी तेज थी कि दूर-दूर तक लोग नींद से जाग गए। हादसे के वक्त फैक्ट्री में काम करने वाला राम नरेश (50 वर्ष) कमरे के अंदर ही सो रहा था। धमाके के कारण कमरे की एक दीवार पूरी तरह ढह गई। राम नरेश को भागने या खुद को बचाने का जरा भी समय नहीं मिला और वह आग की लपटों में बुरी तरह घिर गया। मौके पर ही उसकी झुलसने से मौत हो गई।
A-Gas-Leak-Caused-An-Explosion-At-A-Knitwear-Factory-In-Ludhiana-Killing-A-Helper-And-Causing-Walls-To-Collapse