पंजाब। अमृतसर में वेयरहाउस के जिला प्रबंधक गगनदीप सिंह रंधावा की आत्महत्या के मामले में आरोपी बनाए गए पूर्व मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर को रविवार एक बार फिर अदालत में पेश किया गया। सुनवाई के बाद अदालत ने उनका पुलिस रिमांड तीन दिन के लिए और बढ़ा दिया है। पुलिस ने इस मामले में लालजीत भुल्लर, उनके पिता और उनके निजी सहायक के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया है। इससे पहले पुलिस ने फतेहगढ़ साहिब पुलिस के सहयोग से भुल्लर को मंडी गोबिंदगढ़ से गिरफ्तार किया था। मामले में पहले मिली पांच दिन की पुलिस हिरासत पूरी होने के बाद आरोपियों को दोबारा अदालत में पेश किया गया। इस दौरान पुलिस ने पूछताछ के दौरान जुटाए गए सबूत, दस्तावेज और अन्य जानकारी अदालत के समक्ष रखी।
पुलिस ने रखी थी रिमांड बढ़ाने की मांग
पुलिस ने दलील दी कि जांच के दौरान कई अहम पहलू सामने आए हैं, जिनकी और गहन पड़ताल की जरूरत है। इसी आधार पर रिमांड बढ़ाने की मांग की गई, जिसे अदालत ने स्वीकार कर लिया। गौरतलब है कि वेयरहाउस के जिला प्रबंधक गगनदीप सिंह रंधावा ने 21 मार्च को अपने घर में आत्महत्या कर ली थी। इस घटना के बाद परिजनों के आरोपों और प्रारंभिक जांच के आधार पर यह मामला दर्ज किया गया था, जिसने पूरे प्रदेश में चर्चा पैदा कर दी। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, रिमांड अवधि के दौरान आरोपियों से विस्तृत पूछताछ की जा रही है और तकनीकी व अन्य साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं। साथ ही मृतक के परिजनों के बयान और घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़कर मामले की सच्चाई तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।
Mla-Laljit-Bhullars-Remand-Extended-By-Three-Days-In-The-Dm-Randhawa-Suicide-Case-The-Court-Took-The-Decision-After-Hearing-Both-Sides