लुधियाना। लुधियाना भामियां रोड इलाके में कार ड्राइविंग सीख रही एक महिला डॉक्टर से बाइक सवार दो बदमाशों ने कार छीन ली। बदमाशों द्वारा चाकू की नोक पर वारदात की गई है। कार छीनने के बाद बदमाश ताजपुर रोड की तरफ फरार हो गए। मामले की सूचना मिलने पर थाना मेहरबान की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने अवनीत कौर की शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस अलग-अलग इलाकों के सीसीटीवी कैमरे भी खंगाल रही है। शहर के एंट्री और एग्जिट पुवाइंट पर भी पुलिस ने अलर्ट मैसेज भेजा हुआ है। शिकायतकर्ता डाक्टर अवनीत कौर ने पुलिस को बताया कि वह 31 मार्च की शाम को अपनी सफेद रंग की क्रेटा गाड़ी पर सवार होकर ड्राइविंग सीख रही थी। जैसे ही वह भामियां रोड स्थित श्मशान घाट के पास पहुंची और गाड़ी बैक करके वापस मोड़ने लगी, तभी वहां एक सप्लेंडर मोटरसाइकिल पर दो युवक आए। पीड़िता डाक्टर अवनीत ने पुलिस को बताया कि बदमाशों ने महिला को चाकू जैसा कोई तीखा हथियार दिखाकर डराया और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद वे महिला से गाड़ी छीनकर ताजपुर रोड की तरफ फरार हो गए। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है ताकि बदमाशों के भागने के रूट का पता लगाया जा सके। पुलिस ने दावा किया है कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
In-Ludhiana-A-Woman-Doctor-Was-Held-At-Knifepoint-By-Bike-Riders-Who-Were-Taking-Driving-Lessons