पंजाब। अमृतसर में भाजपा युवा मोर्चा के नेता साईंअंश सूरी को जान से मारने की धमकी मिली है। साईंअंश सूरी भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा अमृतसर के उपाध्यक्ष हैं। मंगलवार सुबह करीब 10:56 बजे उन्हें एक विदेशी नंबर से कॉल आई, जिसका कोड +44 (यूके) बताया जा रहा है। कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को पंजाब रेजिस्टेंस फ्रंट (PRF) संगठन से जुड़ा बताया और अपना नाम “शेरा गैंगस्टर” बताया। कॉलर ने साईंअंश सूरी को धमकाते हुए कहा कि गुरदासपुर में हाल ही में हुए ग्रेनेड हमले के बाद अब अगला निशाना वही हैं। उसने यह भी कहा कि उनकी गाड़ी को बम से उड़ाने की योजना बनाई जा रही है। मामला यहीं नहीं रुका। साईंअंश सूरी को सोशल मीडिया के जरिए भी धमकी भरे पोस्टर और कथित प्रेस रिलीज भेजे गए हैं। इन संदेशों में भारतीय जनता पार्टी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े लोगों को भी निशाना बनाने की चेतावनी दी गई है। धमकी मिलने के बाद साईंअंश सूरी ने तुरंत पंजाब पुलिस के महानिदेशक को लिखित शिकायत भेजी है। उन्होंने मामले की उच्च स्तरीय जांच, विदेशी नंबर की तकनीकी पड़ताल और अपने व अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। साथ ही इस शिकायत की कॉपी प्रधानमंत्री कार्यालय और गृह मंत्रालय को भी भेजी गई है।
Amritsar-Bjp-Leader-Suri-Receives-Bomb-Threat-Call-From-Foreign-Number-Punjab-Resistance-Front-Claims-Responsibility-Police-Investigate